- नीरू ढांडा ने क्लोजिंग सेरेमनी में तिरंगा थामा
- लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा में गोल्ड जीता
- अमन सहरावत ने रचा फ्रीस्टाइल कुश्ती में नया इतिहास
- नीरू ढांडा ने ट्रैप में एशियाई रिकॉर्ड बनाया
- एंसी सोजन ने लॉन्ग जंप में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया
|
Asian Games 2026 India: जापान के आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 का रोमांचक सफर समाप्त हो गया। इस पर्तियोगिता में 85 पदकों के साथ भारत ने चौथा स्थान प्राप्त किया । भारत ने 21 iaल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रांज मेडल जीते। अगले एशियाई खेल दोहा में आयोजित होंगे।
दो सप्ताह से अधिक समय तक 43 खेलों में चले मुकाबलों के बाद क्लोजिंग सेरेमनी में भारतीय शूटर नीरू ढांडा ने ध्वजवाहक के रूप में तिरंगा थामकर भारतीय दल की अगुवाई की। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष ने आधिकारिक तौर पर खेलों के समापन की घोषणा की। भारत के खिलाड़ियों ने इस दौरान कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं।
लवलीना बोरगोहेन ने रचा इतिहास
बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। वह इस वर्ग में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं।
अमन सहरावत की ऐतिहासिक जीत
रेसलर अमन सहरावत ने पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। वह इस वर्ग में एशियन गेम्स गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने।
नीरू ढांडा का एशियाई रिकॉर्ड
शूटर नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने 28 हिट के साथ नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। इसके बाद उन्हें क्लोजिंग सेरेमनी में भारत का ध्वजवाहक बनाया गया।
अनाहत सिंह और कुमकुम अनिल मोहोड की उपलब्धि
स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह महिला सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं और सिल्वर मेडल जीता। वहीं, तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोड व्यक्तिगत रिकर्व में एशियन गेम्स गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
एंसी सोजन ने तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
लॉन्ग जंप में एंसी सोजन ने 6.88 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने अंजू बॉबी जॉर्ज का 2004 का 6.83 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
वहीं, नाओरेम रोशिबिना देवी लगातार तीन एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं और नेत्रा कुमानन ने महिला डिंगी स्पर्धा में भारत को पहला एशियन गेम्स पदक दिलाया।
पीएम ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल और सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन उपलब्धियों से देश को गर्व और खुशी मिली है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय दल को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में खिलाड़ियों ने दृढ़ संकल्प, जुनून और शानदार खेल भावना के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धियों ने पूरे देश को immense joy यानी अपार खुशी दी है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि ये खेल आने वाले वर्षों में भारतीय खिलाड़ियों को और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे और जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में भी योगदान देंगे।