भारत ने लगाई पदकों की हॉफ सेंचुरी, कुल 53 मेडल

भारत ने लगाई पदकों की हॉफ सेंचुरी, कुल 53 मेडल
  • एशियन गेम्स में लगातार छठी बार 50 पदक पार 
  • महिला 4x400 मीटर रिले टीम को स्वर्ण पदक
  • नीरू ढांडा ने ट्रैप शूटिंग में रचा इतिहास
  • गुलवीर सिंह को 5000 मीटर में कांस्य पदक 

Asian Games 2026 India Medals: जापान एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के 10वें दिन भारत ने कुल आठ पदक अपने नाम किए, जिसके साथ भारतीय दल की पदक संख्या 53 पहुंच गई। भारत ने 6 स्वर्ण, 21 रजत और 26 कांस्य पदक जीते हैं और पदक तालिका में 10वें स्थान पर है।

भारत के लिए दिन का सबसे बड़ा आकर्षण महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में आया। भारतीय टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या छह हो गई।

नीरू ढांडा ने रचा इतिहास

इससे पहले निशानेबाज नीरू ढांडा ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं। इससे पहले नीरू ने आशिमा अहलावत और मनिषा कीर के साथ महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक भी जीता था।

गुलवीर सिंह की पदकों की हैट्रिक

एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। इससे पहले वह 10,000 मीटर और 1500 मीटर में रजत पदक हासिल कर चुके थे। इस तरह गुलवीर ने मौजूदा एशियन गेम्स में तीन पदक अपने नाम किए।

भारत ने लगातार छठी बार पार किया 50 का आंकड़ा

भारत ने 2006 के बाद लगातार छठी एशियन गेम्स में 50 या उससे अधिक पदक जीतने का आंकड़ा पार किया है। 10वें दिन की आठ पदकों की उपलब्धि ने भारत को पदक तालिका में शीर्ष 10 में पहुंचाने में भी मदद की।