बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में फिल्मों में गाना गाने से दूरी बनाने का ऐलान किया है। इस खबर के बाद से वह लगातार चर्चा में हैं। अब वह प्लेबैक सिंगिंग नहीं करेंगे, जिससे उनके करोड़ों फैंस काफी निराश हैं। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आमिर खान उनसे मिलने पहुंचे नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, आमिर ने अरिजीत के घर की छत पर पतंग भी उड़ाई।
रविवार रात आमिर खान कोलकाता पहुंचे। वहां से वह सड़क के रास्ते मुर्शिदाबाद के जियागंज गए, जहां अरिजीत सिंह का घर है। सोमवार दोपहर आमिर ने अरिजीत के घर पर समय बिताया। जैसे ही लोगों को उनके आने की खबर मिली, घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में आमिर छत पर गए और वहां पतंग उड़ाकर आनंद लिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।
दोनों की मुलाकात के बाद से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि क्या वे किसी नए प्रोजेक्ट पर साथ काम करने वाले हैं। खास बात यह है कि अरिजीत के ऐलान के तुरंत बाद आमिर का उनसे मिलना लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर अभी तक न तो अरिजीत और न ही आमिर की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है।
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने 28 जनवरी को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि वह अब फिल्मों के लिए गाने नहीं गाएंगे और कोई नया फिल्मी प्रोजेक्ट स्वीकार नहीं करेंगे। हालांकि, उनके कुछ गाने पहले से रिकॉर्ड हैं, जो आने वाले समय में रिलीज होंगे। उन्होंने सिर्फ फिल्मी गानों से दूरी बनाई है, लेकिन स्वतंत्र रूप से संगीत बनाना और गाना जारी रखेंगे।