पीएम की काशी यात्रा से पहले पहुंचे सीएम योगी, तैयारियां परखीं

Date: 2026-04-21
news-banner

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचने वाले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को वाराणसी पहुंचे और पीएम के आगमन के लिए हो रही तैयारियों की समीक्षा की।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने  सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इससे पहले दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  वाराणसी पहुंचे जहां स्थानीय बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। मंगलवार की शाम 6 बजे पुलिस लाईन की हेलिपैड पर मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर उतरा, जहां से कड़ी सुरक्षा में उनका काफिला सर्किट हाउस के लिए रवाना हुआ।

सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के बाद सीएम काल भैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और वहां दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि हेतु मंगलकामना की।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 28-29 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र और देश को छह हज़ार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौग़ात देंगे।

Leave Your Comments