पहलगाम हमले पर क्या बोले स्टैंडअप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु? हो रहे ट्रोल

Authored By: News Corridors Desk | 29 Apr 2025, 06:42 PM
news-banner
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश में गुस्से का माहौल है। इसी बीच सोशल मीडिया पर तनाव का असर साफ दिखाई दे रहा है। इस डिजिटल युद्ध की चपेट में आ गए हैं मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु, जिन्होंने अब अपना एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है।

सोशल मीडिया पर मचा बवाल

अभिषेक उपमन्यु को सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह बनी उनका एक संवेदनशील विषय पर दिया गया रिएक्शन, जिसे कई यूजर्स ने "भारत विरोधी" बताया है। अभिषेक पर आरोप है कि उन्होंने एक पाकिस्तानी यूजर के भारत विरोधी और अपमानजनक कमेंट का समर्थन किया।

कहां से शुरू हुआ मामला?

मामला तब शुरू हुआ जब एक भारतीय इंटरनेट पर्सनेलिटी अभिजीत अय्यर मित्रा ने सीमा पार की महिलाओं के लिए एक विवादास्पद बयान एक्स पर साझा किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान की एक यूजर @lilmisskhawaja ने भारत को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की।

उसने लिखा:

“ज़ीरो क्लास, गालियां कॉमेडी के बराबर नहीं होती हैं. पूरी दुनिया आपके देश को बलात्कारियों के केंद्र के रूप में देखती है और ये सही भी है… आप सभी वेस्ट में जिस नस्लवाद का सामना कर रहे हैं, उसके हकदार हैं।”

इस भड़काऊ पोस्ट के जवाब में अभिषेक उपमन्यु ने सिर्फ एक शब्द लिखा – “yup”, जो उस टिप्पणी का समर्थन माना गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। उन्हें “देशद्रोही”, “असंवेदनशील” और “गैरजिम्मेदार” कहकर ट्रोल किया जाने लगा।

ट्रोलिंग के बाद अकाउंट डीएक्टिवेट

लगातार बढ़ते विरोध और ट्रोलिंग से परेशान होकर अभिषेक उपमन्यु ने अपना एक्स अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है। इस पूरे विवाद पर उनकी ओर से अब तक कोई स्पष्टीकरण या माफीनामा सामने नहीं आया है।

पहलगाम हमले के बाद से ही सोशल मीडिया भारत और पाकिस्तान के यूजर्स के बीच डिजिटल युद्ध का मैदान बन गया है। दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप और ट्रोलिंग तेज हो गई है। ऐसे माहौल में अभिषेक उपमन्यु जैसे सेलेब्रिटी की किसी भी टिप्पणी का विपरीत असर पड़ना स्वाभाविक है।