कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं लेकिन इस बीच समय निकालकर वो गंगा सागर पहुंचे जहां उन्होंने देश के अमर जवानों के लिए पूजन-तर्पण किया।
शाह ने गंगासागर तीर्थ पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे अमर जवानों को आज गंगासागर में श्रद्धापूर्वक पूजन-तर्पण अर्पित किया।
उन्होंने कहा कि अकल्पनीय चुनौतियों और हर बाधा के बीच राष्ट्ररक्षा को सर्वोच्च लक्ष्य मानकर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सुरक्षा बलों के शौर्य पर हर भारतीय को अभिमान है।
उन्होंने गंगा और सागर की संगमस्थली गंगासागर में पूजन-अर्चन के बाद अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘सब तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार!’
गृह मंत्री गंगासागर स्थित कपिल मुनि आश्रम भी गए जहां उन्होंने महर्षि कपिल का पूजन कर देशवासियों के कल्याण की कामना की।
इससे पहले उन्होंने बेहाला पश्चिम रोड शो किया। उन्होने कहा कि बंगाल के आखिरी चरण का मतदान नया इतिहास बनाएगा, हर एक वोट परिवर्तन की मजबूत नींव रखेगा और बंगाल में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने चप्पे-चप्पे पर CAPF तैनात की है।
आज मैं बोलकर जाता हूँ—चुनाव के बाद भाजपा सरकार आने वाली है। फिर भी 60 दिनों तक CAPF यहीं रहने वाली है।