Diwali Safety Tips: पटाखे से स्किन जल जाए तो क्या करें? जानें टूथपेस्ट लगाना सही है या गलत

Diwali Safety Tips: पटाखे से स्किन जल जाए तो क्या करें? जानें टूथपेस्ट लगाना सही है या गलत
हाइलाइट्स
  • पटाखे से स्किन जलने पर तुरंत 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें।
  • जली हुई त्वचा पर टूथपेस्ट, घी, तेल और बर्फ लगाने से बचें।
  • दिवाली पर पटाखे जलाते समय बच्चों के कपड़ों और सुरक्षा का रखें खास ध्यान।

दिवाली पर पटाखे जलाते समय या दीया-मोमबत्ती के इस्तेमाल के दौरान त्वचा जलने की समस्या हो सकती है। ऐसे में अक्सर लोग जली हुई जगह पर ठंडा पानी डालते हैं या तुरंत राहत पाने के लिए टूथपेस्ट, घी और तेल जैसे घरेलू उपाय अपनाते हैं। लेकिन ये तरीके सही नहीं हैं। जलने पर सबसे जरूरी है कि बिना देर किए सही प्राथमिक उपचार किया जाए। जली हुई त्वचा को लगभग 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखना चाहिए। इसके अलावा कुछ ऐसी सावधानियां भी हैं, जिन्हें अपनाकर जलन और चोट को ज्यादा गंभीर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।

पटाखे या गर्म चीज से त्वचा जलने पर सबसे पहले क्या करें?

दिवाली के दौरान पटाखों, दीयों या गर्म तेल से त्वचा जलने पर सबसे पहले व्यक्ति को आग और गर्मी वाली चीजों से दूर करना चाहिए।

इसके बाद प्रभावित हिस्से को करीब 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। इससे त्वचा की गर्मी कम करने और दर्द से राहत पाने में मदद मिलती है। साथ ही, चोट के ज्यादा गंभीर होने की आशंका को कम करने में भी यह प्राथमिक उपचार मददगार होता है।

जलने के बाद इन बातों का रखें ध्यान

जली हुई त्वचा की देखभाल करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  • प्रभावित हिस्से को साफ, ढीले और ऐसे कपड़े से ढकें जो त्वचा से चिपके नहीं।

  • अगर हाथ में अंगूठी, घड़ी या कोई गहना पहना है, तो सूजन आने से पहले उसे हटा दें।

  • त्वचा से चिपके हुए कपड़े को जबरदस्ती खींचकर निकालने की कोशिश न करें।

क्या जली हुई स्किन पर टूथपेस्ट लगाना सही है?

पटाखे या किसी गर्म चीज से जलने पर कई लोग तुरंत टूथपेस्ट, घी या तेल लगा लेते हैं। हालांकि, अधिकतर डॉक्टर्स ऐसा करने से मना करते हैं।

जले हुए हिस्से पर बर्फ, घी, तेल, टूथपेस्ट या किसी भी तरह का घरेलू लेप नहीं लगाना चाहिए। इसी तरह, अगर जली हुई त्वचा पर फफोले पड़ जाएं तो उन्हें फोड़ने से भी बचना चाहिए।

कब तुरंत अस्पताल जाना जरूरी है?

हर तरह की जलन को घरेलू उपायों से ठीक करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। कुछ स्थितियों में तुरंत अस्पताल जाना जरूरी है।

  • अगर जलन गहरी है या त्वचा का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है।

  • अगर चेहरा, हाथ या पैर जल गए हैं।

  • अगर जलने के बाद सांस लेने में परेशानी हो रही है।

इसके अलावा, अगर किसी बच्चे की त्वचा जल जाए तो डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

दिवाली पर पटाखे जलाते समय इन सावधानियों का रखें ध्यान

पटाखों से होने वाली जलन से बचने के लिए पहले से सावधानी बरतना जरूरी है। खासतौर पर बच्चों और पटाखे जलाने वाले लोगों को कपड़ों और आसपास की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।

बच्चों को न पहनाएं जल्दी आग पकड़ने वाले कपड़े

दिवाली पर अच्छे और आकर्षक दिखने के लिए कई माता-पिता बच्चों को सिल्क जैसे फैब्रिक के कपड़े पहनाते हैं। लेकिन पटाखे जलाते समय ऐसे कपड़ों से बचना चाहिए, जिनमें आग जल्दी पकड़ सकती है।

आसपास पानी से भरी दो बाल्टियां रखें