केवल पदों से हटने की बात कही : हरीश रावत
|
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने संबंधी खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि मीडिया के कुछ हिस्सों में यह खबर चलाई जा रही है कि उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जबकि यह सही नहीं है।
रावत ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कांग्रेस की सदस्यता उनके लिए केवल राजनीतिक पहचान नहीं, बल्कि उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी की सदस्यता मेरे खून और हड्डियों में है। हरीश रावत जो कुछ भी है, उसका निर्माण कांग्रेस ने किया है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून में ईडी की हालिया कार्रवाई के बाद उन्होंने केवल पार्टी के दो संगठनात्मक पदों से इस्तीफा देने की इच्छा जताई थी। रावत ने कहा कि यदि इस घटनाक्रम से कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष और उसके राजनीतिक नैरेटिव पर कोई असर पड़ता है तो वह प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और एआईसीसी वर्किंग कमेटी के सदस्य के पदों से त्यागपत्र देना चाहेंगे।
रावत ने मीडिया से अपने पोस्ट और ट्वीट को संपूर्णता में पढ़ने तथा कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा देने संबंधी खबरों में सुधार करने का आग्रह किया।
पूर्व ओएसडी पर ईडी की कार्रवाई के बाद उठा विवाद
देहरादून में हरीश रावत के पूर्व ओएसडी से जुड़े मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कांग्रेस छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।