बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचकर पार्टी में जोश भरा और संगठन तथा सरकार से जुड़े लोगों के साथ बैठकें करके यह संदेश दे दिया कि उनकी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में अपने संगठन को दमदार तरीके से गतिशील करेगी।
नितिन नवीन पार्टी की बागडोर संभालने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश नहीं आये थे लेकिन लखनऊ में उनके आगमन को पार्टी ने भव्य बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ख़ुद हवाई अड्डे पर पहुंचकर नवीन की अगवानी की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ ख़ास तौर पर बनाये गए एक खुले रथ पर बैठकर वह एयरपोर्ट से प्रदेश पार्टी मुख्यालय काफिले में पहुंचे। एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय के बीच जगह जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम की एक ख़ास बात यह थी कि पार्टी ने रास्ते में अलग अलग जगह पर अलग अलग समूह तैनात किये थे। किसी जगह क्षत्रिय समाज, कहीं पिछड़े वर्ग से जुड़े नेता और कार्यकर्ता अपने अध्यक्ष के स्वागत में खड़े थे।
नवीन ने जहां लखनऊ के प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर जाकर दर्शन पूजन किया वहीं पार्टी के नेताओं के साथ चाय पर भी चर्चा की। इससे पहले उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश में नवनियुक्त पदाधिकारी भी शामिल थे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने लखनऊ दौरे से जुड़े एक पोस्ट में शनिवार को लिखा-
राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बनाने तथा 2027 में पुन: एनडीए सरकार के गठन के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।