पहले ऑपरेशन सिंदूर, अब राम मंदिर की कमान, पहले सीईओ बने जितेंद्र मिश्रा

पहले ऑपरेशन सिंदूर, अब राम मंदिर की कमान, पहले सीईओ बने जितेंद्र मिश्रा

30 अप्रैल को हुए थे सेवानिवृत्त, दिसंबर 1986 से अप्रैल 2026 तक रहा भारतीय वायुसेना में शानदार करियर

कारगिल युद्ध में निभाई अहम भूमिका, देवरिया के रहने वाले मिश्रा के अनुभव से ट्रस्ट को मिलेगी प्रशासनिक मजबूती

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अपना पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। भारतीय वायुसेना में लंबे और महत्वपूर्ण कार्यकाल के बाद मिश्रा इसी वर्ष 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए थे। वह पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

जितेंद्र मिश्रा का चयन ऐसे समय में हुआ है, जब राम मंदिर ट्रस्ट अपनी प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सीईओ के पद का गठन ट्रस्ट के कामकाज, प्रबंधन और विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सैन्य सेवा में लंबे अनुभव वाले मिश्रा के सामने अब मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को संस्थागत और पेशेवर ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

ऑपरेशन सिंदूर में निभाई अहम भूमिका

जितेंद्र मिश्रा का सैन्य करियर बेहद महत्वपूर्ण अभियानों से जुड़ा रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया था। हाल में उन्होंने इस अभियान से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जानकारी साझा की थी। उनके मुताबिक ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना की एयर डिफेंस व्यवस्था में एस-400 प्रणाली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ट्रस्ट में तीन नए सदस्य शामिल

वहीं, ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों की भी घोषणा की गई है। नए शामिल होने वाले सदस्यों में मदन मोहन पांडेय अयोध्या के, महेश भागचंदका दिल्ली के और निर्मला यादव अयोध्या से हैं।

इससे पहले कारगिल युद्ध के दौरान भी मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रिपोर्टों के मुताबिक टाइगर हिल पर कब्जे के अभियान में उनका योगदान रहा था। उनका पूरा वायुसेना करियर दिसंबर 1986 से अप्रैल 2026 तक करीब चार दशक का रहा।

देवरिया से वायुसेना के शीर्ष पद तक

जितेंद्र मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं। सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और एयर मार्शल के पद तक पहुंचे। पश्चिमी वायु कमान जैसे महत्वपूर्ण सैन्य कमान की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासन की कमान सौंपी गई है।

ट्रस्ट के सामने मंदिर परिसर की बढ़ती गतिविधियों, श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, प्रशासनिक समन्वय और वित्तीय प्रबंधन जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में सैन्य प्रशासन और बड़े स्तर पर संचालन का अनुभव रखने वाले जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति को ट्रस्ट के कामकाज में पेशेवर प्रबंधन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

गोविंद देव गिरी बने राम मंदिर ट्रस्ट के नियमित महासचिव

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में प्रशासनिक स्तर पर कई अहम फैसले लिए गए। चंपत राय के पद से हटने के बाद कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. कृष्ण मोहन राय की जगह अब ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी को नियमित महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और डॉ. निर्मला यादव को नए ट्रस्टी की जिम्मेदारी दी गई।