MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में करीब 170 साल पुराने खड़े हनुमान मंदिर को लेकर विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए मंदिर का मुख्य ढांचा 4 सितंबर को हटाया जा चुका है, लेकिन करीब 8 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा अब भी अपने मूल स्थान पर मौजूद है।
प्रतिमा को हटाने के प्रयास सफल नहीं होने के बाद उसके आधार और जमीन के भीतर की स्थिति जानने के लिए तीन अलग-अलग तकनीकी जांचें कराई गईं। हालांकि, अब तक किसी भी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। इसी वजह से श्रद्धालुओं, संत समाज और स्थानीय लोगों के बीच सवाल बने हुए हैं।
तीन बार हुई तकनीकी जांच, नतीजे अब भी सामने नहीं आए
भारी मशीनों से हनुमान जी की प्रतिमा को हटाने के प्रयास विफल होने के बाद प्रशासन ने विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराने का फैसला किया। पहली जांच 15 सितंबर को हुई। इस दौरान इंदौर से आई आईआईटी इंदौर की टीम ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) तकनीक के जरिए जमीन के अंदर की स्थिति और प्रतिमा के आधार की गहराई का पता लगाने की कोशिश की।
इसके बाद 29-30 अक्टूबर की रात भोपाल से पहुंची तकनीकी टीम ने एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग की मौजूदगी में आधुनिक उपकरणों से स्कैनिंग की। इस जांच के दौरान मशीन की बैटरी खत्म होने जैसे आरोप भी सामने आए, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
तीसरी जांच 22 नवंबर को रविवार तड़के करीब 5:45 से 6 बजे के बीच हुई। दिल्ली से आई विशेषज्ञ टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग एक घंटे तक तकनीकी परीक्षण किया। इस दौरान रास्ते के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई और आवाजाही रोक दी गई थी।
जांच की पारदर्शिता पर उठे सवाल
लगातार तीन तकनीकी जांचों के बावजूद रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 22 नवंबर को हुई जांच के बाद भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि परीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों का रुख बदल दिया गया था।
श्रद्धालु भी पूछ रहे हैं कि यदि जांच की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, तो रात या तड़के सुबह बैरिकेडिंग लगाकर परीक्षण करने की जरूरत क्यों पड़ी? इसके साथ ही अब तक जांच के नतीजे सार्वजनिक नहीं किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि वे सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण या विकास कार्यों के खिलाफ नहीं हैं। उनकी मांग है कि विकास के साथ धार्मिक आस्था का भी ध्यान रखा जाए। प्रतिमा को हटाने और खुदाई के प्रयासों के बावजूद उसके मूल स्थान पर बने रहने को लेकर कुछ लोगों के बीच इसे दैवीय संकेत के रूप में देखने की धारणा भी बन रही है।
पुजारी और संत समाज प्रतिमा को मूल स्थान पर रखने की मांग पर अड़े
मंदिर के पुजारी पं. महेश बैरागी का कहना है कि उन्होंने 14 अगस्त को ही स्कैनिंग जांच कराने के लिए पत्र दिया था। इसके बावजूद प्रतिमा के आधार की स्थिति स्पष्ट किए बिना मंदिर का ढांचा तोड़ दिया गया।
उनका कहना है कि पुजारी, संत समाज और हिंदू संगठनों की सहमति के बिना प्रतिमा को उसके स्थान से हटाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। महंत अतुलेशानंद सरस्वती, आचार्य शेखर, महामंडलेश्वर शैलेषानंद और साध्वी हर्षानंद समेत संत समाज के लोगों ने भी प्रतिमा को मूल स्थान पर बनाए रखने की मांग की है। इसके लिए हनुमान चालीसा पाठ, प्रदर्शन और ज्ञापन के जरिए अपनी बात रखी गई है।
उमा भारती ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
खड़े हनुमान मंदिर का मामला राजनीतिक स्तर पर भी उठ चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर भोपाल के एक उदाहरण का हवाला दिया है। उन्होंने वैकल्पिक मार्ग अपनाने और हनुमान जी की प्रतिमा को उसी स्थान पर रखने का आग्रह किया है।
वहीं, सांसद अनिल फिरोजिया ने भी सभी पक्षों की सहमति से समाधान निकालने की बात कही है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल मंदिर की प्रतिमा के आधार और जमीन के भीतर की स्थिति को लेकर हुई तीनों जांचों की रिपोर्ट सार्वजनिक होने का इंतजार है। इसी रिपोर्ट के सामने आने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।