15 साल का वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक ठोक डाला। श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में ऐसा तूफान मचाया कि क्रिकेट रिकॉर्ड बुक्स हिल गईं।
दांबुला में खेले गए खिताबी मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। हैरानी की बात ये है कि अर्धशतक तक पहुंचने के दौरान उन्होंने एक भी सिंगल नहीं लिया। यानि 5 चौके, 5 छक्के और सीधे 50 रन! फिफ्टी तक पहुंचने के लिए उन्होंने श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुलाज समुदिता की गेंद पर छक्का जड़ा। इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने श्रीलंका के कौशल्या वीरारत्ने का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2005 में 12 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी। इतना ही नहीं...वैभव ने सरफराज खान का भारतीय रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 15 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। हालांकि वैभव सबसे तेज लिस्ट-ए शतक के रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए, जो ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम है।
सूर्यवंशी ने ट्राई सीरीज के फाइनल में सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन ठोके । सेंचुरी तो नहीं आई लेकिन जो हुआ, वो उससे भी बड़ा था।
एक नज़र पुराने रिकॉर्ड पर
टी20 इंटरनेशनल में युवराज सिंह ने 2007 वर्ल्ड कप में 12 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी। वनडे में अजीत अगरकर ने 21 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत ने 28 गेंदों में पचासा बनाया था। लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 11 गेंदों में फिफ्टी ठोककर इन सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।