‘द 50’ में प्रिंस नरूला और मैक्सटर्न ने एल्विश यादव को फेक गैंगस्टर बताया

Authored By: News Corridors Desk | 03 Feb 2026, 08:09 PM
news-banner

‘द 50’ में पहले ही दिन से धमाका

कलर्स टीवी के नए रियलिटी शो ‘द 50’ ने अपने पहले ही एपिसोड में खूब सुर्खियां बटोरी हैं। शो में दो पुराने दुश्मन, रियलिटी किंग प्रिंस नरूला और मशहूर कंटेंट क्रिएटर मैक्सटर्न (सागर ठाकुर), मिलकर एक ‘कॉमन दुश्मन’ पर निशाना साधते नजर आए। उन्होंने बिना नाम लिए एल्विश यादव की धज्जियां उड़ाई। शो के दौरान दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई, जिसमें मैक्सटर्न ने बताया कि गुरुग्राम वाली लड़ाई के बाद उन्होंने मामला खत्म कर दिया था, लेकिन एल्विश ने दूसरे रियलिटी शो (बिग बॉस) में जाकर उनका मजाक उड़ाया।

मैक्सटर्न ने किया खुलासा

मैक्सटर्न ने कहा, “मैं चाहता तो दुनिया को बता सकता था कि वो कैसे ‘मम्मी वाला झूठा विक्टिम कार्ड’ खेलता है, लेकिन मैंने चुप्पी साधे रखी। मेरा मानना था कि लड़ाई खत्म हुई तो बात खत्म, पर उसने पीठ पीछे मजाक उड़ाना बंद नहीं किया।” उन्होंने एल्विश की फैन फॉलोइंग पर भी सवाल उठाए और कहा, “वो मेरा मजाक इसलिए उड़ाता है क्योंकि उसे पता है कि उसकी ऑडियंस का IQ कम है। वो पीठ पीछे बोल सकता है, पर सामने आने में उसकी हालत खराब होती है। उसने केवल ‘रील गैंगस्टर’ का रूप अपनाया है, असली नहीं।”

प्रिंस नरूला ने भी किया बड़ा खुलासा

मैक्सटर्न की बातें सुनकर प्रिंस नरूला ने भी एल्विश से जुड़ी कई बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि पिछले साल ‘रोडीज’ के दौरान एल्विश ने उन्हें धमकाने के लिए कई लोगों से कॉल करवाए। प्रिंस ने कहा, “मैंने किसी से डर नहीं दिखाया। मैंने सीधे उसके गांव और घर के बाहर पहुंचकर उसका सामना किया, लेकिन जैसे ही उसे पता चला, वो भागकर गोवा चला गया। भाई, वो सिर्फ रील का बदमाश है, लोगों ने उसका फालतू में बहुत बड़ा पावर दिखा रखा है।”

विवादों का लंबा इतिहास

एल्विश यादव और दोनों स्टार्स के बीच विवाद नया नहीं है। मार्च 2024 में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एल्विश गुरुग्राम की एक दुकान में मैक्सटर्न को पीटते नजर आए थे। इसके अलावा प्रिंस नरूला और एल्विश के बीच ‘रोडीज’ के सेट पर जुबानी जंग भी सोशल मीडिया पर महीनों तक चली थी। अब ‘द 50’ के मंच पर दोनों ने एक सुर में एल्विश को ‘फेक’ और रियलिटी शो के बाहर सिर्फ दिखावा करने वाला बताया है।