तेलंगाना के कोमाराम भीम आसिफाबाद जिले में एक अनोखी शादी देखने को मिली है। दरअसल, एक शख्स को दो महिलाओं से प्रेम था। उसने एक ही मंडप में दोनों के साथ रचाई शादी। ये शादी गांवावलों की मौजूदगी में पूरे रीति रिवाज के साथ आयोजित हुई है। शख्स का नाम सूर्यदेव बताया जा रहा है, जो लिंगापुर मंडल के गुमनूर गांव का निवासी है। उसने शादी के एक ही इनविटेशन कार्ड में दोनों महिलाओं के नाम छपवाए और शादी भी एक ही मंडप पर की। जानकारी के मुताबिक, पहले तो दोनों महिलाओं को एक-दूसरे के बारे में पता नहीं था, लेकिन जैसे ही दोनों को एक-दूसरे के बारे में पता चला कहानी एक अलग ही मोड़ ले लिया।
पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ विवाह
तीनों ने परिवार गांववालों की मौजूदगी में पूरी रीति रिवाज के साथ रस्में निभाई। शुरुआत में घर-परिवार और गांव के लोग इस रिश्ते के खिलाफ थे। हालांकि, जब तीनों अपनी जिद पर अड़े रहे तो सबको मानना पड़ा। इसके बाद सूर्यदेव ने शादी का कार्ड छपवाया। शादी के कार्ड पर आमतौर पर एक दूल्हे और एक ही दुल्हन का नाम होता है। हालांकि, इस शादी के कार्ड पर दूल्हे के साथ दोनों दुल्हनों का नाम छपा था। इसे देखकर रिश्तेदार भी हैरान रह गए।
पहले भी सामने आया मामला
बता दें कि भारत में सनातन धर्म में एक से ज्यादा विवाह करना गैरकानूनी है, हालांकि ऐसा मामला पहली बार नहीं देखने को मिला। साल 2021 में तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में भी एक शख्स ने एक ही मंडप में दो दुल्हनों के साथ शादी रचाया था। यह शादी ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थी। इसमें तीनों परिवार के सदस्यों ने पूरे रीति-रिवाज और रस्में निभाईं थीं। इसी तरह साल 2022 में झारखंड के लोहरदगा इलाके में एक शख्स ने अपनी 2 प्रेमिकाओं के साथ शादी रचाई थी।