‘राइज एंड फॉल 2’ में परिवार की याद ने तेज प्रताप यादव और स्वरा भास्कर को भावुक कर दिया। शो के हालिया एपिसोड में तेज प्रताप ने मां राबड़ी देवी को याद करते हुए घर जाने की इच्छा जताई। उनकी बातें सुनने के बाद स्वरा भास्कर भी अपनी बेटी राबिया को याद करने लगीं और कुछ ही देर में भावुक होकर रोने लगीं।
शो में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कई चर्चित चेहरे कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुए हैं। शुरुआत में ही शहजाद पूनावाला और सिवेत तोमर के बीच विवाद हुआ था, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गया था। इसके बाद सिवेत शो से बाहर हो गए।
मां को याद कर बोले तेज प्रताप- ‘मैं घर जाना चाहता हूं’
हालिया एपिसोड में तेज प्रताप यादव ने बताया कि उन्हें घर की याद आ रही है। उन्होंने खास तौर पर अपनी मां राबड़ी देवी को मिस करने की बात कही और कहा, ‘मैं घर जाना चाहता हूं।’
तेज प्रताप की इस बात का असर शो के दूसरे कंटेस्टेंट्स पर भी दिखाई दिया। स्वरा भास्कर पहले उन्हें समझाती नजर आईं, लेकिन इसके बाद उन्हें अपनी बेटी राबिया की याद आने लगी।
बेटी राबिया की तस्वीर देखने के लिए भावुक हुईं स्वरा
स्वरा भास्कर अपनी बेटी को याद कर इतनी भावुक हो गईं कि वह मेकर्स से राबिया की तस्वीर दिखाने की जिद करने लगीं। रोते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी बेटी की बहुत याद आ रही है।
तेज प्रताप ने इस दौरान स्वरा को संभालने की कोशिश की। बेटी को याद करते हुए स्वरा ने अपनी भावनाएं इंस्टाग्राम पर भी साझा कीं।
उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘वर्किंग मॉम का दिमाग तो काम पर होता है, लेकिन दिल हमेशा घर में रहता है।’
स्वरा ने इसी पोस्ट के जरिए बेटी को गले लगाने की अपनी बेसब्री भी जाहिर की।
शहजाद पूनावाला बने स्वरा के फिटनेस कोच
‘राइज एंड फॉल 2’ में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला की बॉन्डिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। शो की शुरुआत में दोनों के बीच तनातनी थी और वे एक-दूसरे की बातों का विरोध करते नजर आए थे।
हालांकि, समय बीतने के साथ दोनों के रिश्ते में बदलाव दिखाई दिया। हाल ही में शहजाद पूनावाला स्वरा भास्कर के फिटनेस कोच की भूमिका में भी नजर आए।