इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है।15 सदस्यीय टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई है, जबकि श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली को लेकर है। कोहली को टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी।यानि फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही वो मैदान पर उतर पाएंगे।
वहीं टीम चयन की सबसे बड़ी खबर है तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी। बुमराह आखिरी बार 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के लिए 50 ओवर क्रिकेट खेलते हुए दिखाई दिए थे। अब वह फिर से वनडे टीम का हिस्सा बन गए हैं।
ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी टीम में वापसी हुई है।अक्षर अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे।
कुछ खिलाड़ियों को इस बार मौका नहीं मिला है।
यशस्वी जायसवाल, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे वनडे स्क्वॉड में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके।
दिलचस्प बात ये है कि यशस्वी जायसवाल ने अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में शानदार नाबाद 110 रन बनाए थे। लेकिन विराट कोहली के टीम में लौटने के बाद यशस्वी की स्क्वॉड से छुट्टी हो गई। दरअसल, यशस्वी को अफगानिस्तान सीरीज में कोहली के चोटिल होने के कारण मौका मिला था।
टीम में शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार शामिल हैं।
उधर एक और खबर सामने आई है।
वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। बताया गया है कि वह बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा नहीं कर पाए हैं।भारत को आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को टी20 मुकाबले खेलने हैं।अब सबकी नजरें इंग्लैंड दौरे पर होंगी और निगाह इस बात पर रहेगी कि क्या विराट कोहली फिट होकर वापसी कर पाएंगे?
क्या बुमराह की वापसी भारतीय गेंदबाजी को नई धार देगी?और क्या शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इंग्लैंड को उसी के घर में चुनौती दे पाएगी?
इन सभी सवालों के जवाब जुलाई में मैदान पर मिलेंगे।