हाइलाइट
• इंडिया गठबंधन में शामिल होगी राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी
• मौर्य ने राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की
• कांग्रेस के साथ यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा
• भाजपा को सत्ता से हटाना बताया अपना प्रमुख लक्ष्य
• मोतीलाल शास्त्री की राहुल गांधी से मुलाकात भी चर्चा में
Swami Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने इंडिया गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया है।उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में मुलाकात की।
दोनों नेताओं की मुलाक़ात के दौरान उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र गौतम भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनेगी और आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि उनका लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा दलितों और पिछड़ों के मुद्दे उठाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि समान विचारधारा के कारण उन्होंने गठबंधन में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरेगी।
राष्ट्रीय समानता दल के अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। उनके भी गठबंधन में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर चर्चा है। इन मुलाकातों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में गठबंधन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मौर्य लंबे समय तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह बहुजन समाज पार्टी और भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2016 में भाजपा में शामिल होने के बाद वह योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बने थे। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामा। बाद में सपा से अलग होकर उन्होंने राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी बनाई।