सोनम वांगचुक ने क्यों मांगा अमित शाह का इस्तीफा, यहां जानिए

सोनम वांगचुक ने क्यों मांगा अमित शाह का इस्तीफा, यहां जानिए
हाइलाइट्स :
• लद्दाख में हुई हिंसा की पहली बरसी पर वांगचुक ने वीडियो जारी किया
• न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने का लगाया आरोप
• मृतकों और घायलों के मुआवजे को लेकर भी उठाए सवाल

Sonam Wangchuk on Ladakh Protest: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लद्दाख में पिछले वर्ष हुई हिंसा और गोलीबारी की घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है।

उन्होंने सोशल मीडिया X पर वीडियो जारी कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से उठाई गई मांग का समर्थन किया।

वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में निहत्थे युवाओं पर कथित गोलीबारी की घटना को एक वर्ष पूरा हो गया है। उनके अनुसार, इस घटना में चार से अधिक लोगों की मौत हुई, 80 से अधिक लोग घायल हुए और 80 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने दावा किया कि घटना की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट एक वर्ष बाद भी सार्वजनिक नहीं की गई है।

वांगचुक ने मृतकों के परिजनों के लिए 15 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए तीन लाख रुपये के घोषित मुआवजे को भी अपर्याप्त बताया। उन्होंने वीडियो में लेह में हुई गोलीबारी के कारणों पर अपनी बात रखी और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई कथित कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि लद्दाख के युवा देश के लिए हुए युद्धों में हमेशा खड़े रहे हैं और अब देश को भी उनके लिए खड़ा होना चाहिए। वांगचुक ने अपने पोस्ट में ‘अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए’ हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए अपनी मांग दोहराई।