श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईठा' ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। फिल्म के पहले गाने 'जी जी रे जी' पर सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ लावणी के हुक स्टेप करके एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। पुणे में आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान करीब एक मिनट तक चली इस सामूहिक प्रस्तुति ने नया रिकॉर्ड बनाया।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर दिग्गज लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
पुणे में सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ किया लावणी डांस
'ईठा' का प्रमोशनल कार्यक्रम पुणे की जील यूनिवर्सिटी में आयोजित किया गया। इस मौके पर श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर भी मौजूद थे। कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा पहने सैकड़ों महिलाओं ने फिल्म के गाने 'जी जी रे जी' पर एक साथ लावणी के हुक स्टेप किए।
करीब एक मिनट तक चली इस प्रस्तुति के दौरान एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने इस उपलब्धि को रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किए जाने का ऐलान किया। इसके बाद मैडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और कठपुतली क्रिएशन्स महाराष्ट्र को सम्मानित किया गया।
श्रद्धा कपूर और लक्ष्मण उतेकर को मिला सर्टिफिकेट
कार्यक्रम में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर और फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट के साथ गोल्ड मेडल भी दिया गया। सम्मान मिलने के बाद श्रद्धा ने वहां मौजूद प्रतिभागियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
इस दौरान श्रद्धा कपूर पारंपरिक नौवारी साड़ी में नजर आईं। उन्होंने एमराल्ड ग्रीन नौवारी साड़ी के साथ ट्रेडिशनल जूलरी और कोल्हापुरी चप्पल पहनी थी। कार्यक्रम में श्रद्धा ने खुद भी स्टेज पर 'जी जी रे जी' के हुक स्टेप किए और लावणी की झलक दिखाई।
'जी जी रे जी' के लिए श्रद्धा ने की थी खास तैयारी
फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने हाल ही में बताया था कि इस गाने की रिहर्सल के दौरान श्रद्धा कपूर ने पैरों में 4-4 किलो के घुंघरू पहने थे। लगातार अभ्यास के चलते उनके पैरों में सूजन आ गई थी और मसल टियर भी हो गया था। इसके बाद उन्हें करीब 1 महीने तक आराम करना पड़ा।
'जी जी रे जी' गाना 17 नवंबर को रिलीज किया गया था। इसकी कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है और गाने को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी 'ईठा'
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईठा' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी से प्रेरित है।
फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव और जीशान अय्यूब भी नजर आएंगे।