भारत में यूरिया की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नई निवेश नीति के तहत छह ब्राउनफील्ड गैस-आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन पर कुल 54,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पीटीआई ने उर्वरक मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है।
इन परियोजनाओं को जुलाई में मंजूर की गई नेशनल इन्वेस्टमेंट पॉलिसी फॉर यूरिया (एनआईपीयू)-2026 के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। इस नीति का मुख्य उद्देश्य यूरिया उत्पादन की नई क्षमता विकसित करने के लिए निवेश आकर्षित करना है। इसके लिए मिले 18 प्रस्तावों में से छह प्रमुख परियोजनाओं को चुना गया है। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र, निजी कंपनियों और सहकारी उद्यमों की भागीदारी है।
किन राज्यों में लगेंगी छह यूरिया परियोजनाएं?
स्वीकृत छह परियोजनाएं देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित मौजूदा संयंत्रों के विस्तार या उनकी जगह नई इकाई स्थापित करने से जुड़ी हैं। इनमें शामिल हैं:
-
एमएफएल-मद्रास, चेन्नई
-
एनएफएल नांगल, पंजाब
-
केएफएल-शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश
-
मैट्रिक्स पानागढ़, पश्चिम बंगाल
-
सीएफसीएल गदेपान, कोटा, राजस्थान
-
आईआईपीएल जगदीशपुर, उत्तर प्रदेश
ये सभी ब्राउनफील्ड परियोजनाएं हैं। यानी इन्हें ऐसी जगहों पर विकसित किया जाएगा जहां पहले से जमीन, उपयोगिताएं, बुनियादी ढांचा और तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध हैं। इससे परियोजनाओं को लागू करने में तेजी आ सकती है और लागत भी कम रखने में मदद मिलेगी।
किस परियोजना में क्या होगा बदलाव?
छह परियोजनाओं में कुछ पुरानी इकाइयों की जगह आधुनिक संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि कुछ मौजूदा संयंत्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
सार्वजनिक और सहकारी क्षेत्र की परियोजनाएं
एमएफएल मद्रास सार्वजनिक क्षेत्र की परियोजना है। इसके तहत 60 साल से अधिक पुरानी उस इकाई को बदला जाएगा, जिसकी उत्पादन लागत अधिक है।
एनएफएल नांगल भी सार्वजनिक क्षेत्र की परियोजना है। यहां 1978 में स्थापित संयंत्र की मौजूदा 4.73 लाख टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली इकाई को आधुनिक 12.7 लाख टन क्षमता वाली इकाई से बदला जाएगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश की केएफएल शाहजहांपुर परियोजना कृभको की सहकारी परियोजना है। इसके जरिए 1995 में शुरू हुई इकाई का विस्तार किया जाएगा।
निजी क्षेत्र की तीन परियोजनाएं
पश्चिम बंगाल की मैट्रिक्स पानागढ़ परियोजना निजी क्षेत्र की है। यह 2017 में शुरू हुए संयंत्र पर आधारित है और राज्य की यूरिया जरूरत को पूरा करेगी।
राजस्थान के कोटा में सीएफसीएल गदेपान परियोजना के तहत 1994 से संचालित परिसर का विस्तार किया जाएगा। यह भी निजी क्षेत्र की परियोजना है।
उत्तर प्रदेश में आईआईपीएल जगदीशपुर परियोजना के तहत 1988 में स्थापित संयंत्र की क्षमता में 12.7 लाख टन प्रति वर्ष की वृद्धि का प्रस्ताव है। यह परियोजना भी निजी क्षेत्र की है।
यूरिया उत्पादन बढ़ाना क्यों जरूरी है?
भारत में यूरिया की सालाना खपत करीब 400 लाख टन है। ऐसे में घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाना महत्वपूर्ण है। पुरानी यूरिया इकाइयों में उत्पादन लागत अधिक होने के साथ ऊर्जा की खपत और प्रक्रिया-सुरक्षा से जुड़े जोखिम भी सामने आते हैं।
नांगल संयंत्र इसका एक उदाहरण है। यह 6.498 जीकल प्रति टन की ऊर्जा खपत पर संचालित होता है, जबकि नया ऊर्जा मानदंड 5 जीकल निर्धारित है।
देश में यूरिया का घरेलू उत्पादन 2014-15 में 225 लाख टन था, जो 2023-24 में बढ़कर रिकॉर्ड 314.07 लाख टन तक पहुंच गया। 2026-27 तक कुल स्वदेशी क्षमता 269.42 लाख टन होने का अनुमान है।
नई परियोजनाओं और मौजूदा संयंत्रों के विस्तार से घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इससे यूरिया आयात पर निर्भरता कम करने और विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
NIPU-2026 में क्या है खास?
आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने 15 जुलाई को नेशनल इन्वेस्टमेंट पॉलिसी फॉर यूरिया यानी एनआईपीयू-2026 को मंजूरी दी थी। इस नीति में यूरिया उत्पादन की निश्चित लागत और परिवर्तनीय या ऊर्जा लागत को अलग-अलग रखा गया है।
नीति के तहत ऊर्जा लागत घटक को अपरिवर्तित रखा गया है, जबकि निश्चित लागत में करीब 8 फीसदी की कटौती की गई है। इससे ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड, दोनों तरह की परियोजनाओं के लिए रियायती कीमतें करीब 14 फीसदी कम हो जाती हैं।
प्रत्येक ब्राउनफील्ड परियोजना की अनुमानित पूंजी लागत करीब 9,000 करोड़ रुपये है। इस हिसाब से छह परियोजनाओं के जरिए लगभग 54,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होगा। इस नीति के ढांचे में 12-16 फीसदी इक्विटी पर लाभ का प्रावधान है।
नई निवेश नीति के तहत मंजूर ये परियोजनाएं देश में यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ाने और उर्वरक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम हैं।