पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने क्रिकेट के मौजूदा स्वरूप पर चिंता जताते हुए कहा है कि यह खेल धीरे-धीरे अपना आकर्षण खो रहा है। उनके मुताबिक, पिछले 20 सालों से क्रिकेट लगातार गिरावट की ओर बढ़ रहा है। युवा पीढ़ी ही नहीं, उनके अपने बच्चे भी अब इस खेल में पहले जैसी दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
एक इंटर्वयू में बातचीत के दौरान अख्तर ने इसके लिए क्रिकेट के नियमों में हुए बदलाव और करिश्माई खिलाड़ियों की कमी को जिम्मेदार बताया। उन्होंने मौजूदा क्रिकेट को बल्लेबाजों के पक्ष में झुका हुआ बताया और तेज गेंदबाजों के घटते प्रभाव पर भी सवाल उठाए।
शोएब अख्तर बोले- 'पिछले 20 सालों से क्रिकेट मर रहा है'
शोएब अख्तर ने क्रिकेट की मौजूदा स्थिति पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, 'यह खेल (क्रिकेट) मर रहा है. पिछले 20 सालों से क्रिकेट लगातार मर रहा है.'
अख्तर के मुताबिक, आधुनिक क्रिकेट में बल्लेबाजों को ज्यादा फायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान दो नई गेंदों के इस्तेमाल से तेज गेंदबाजों का प्रभाव कम हुआ है। उनके अनुसार, नियमों में बदलाव ने खेल के उस रोमांच को प्रभावित किया है, जिसके लिए तेज गेंदबाजी जानी जाती थी।
पाकिस्तान में आक्रामक खिलाड़ियों की कमी पर जताई चिंता
अख्तर की चिंता केवल क्रिकेट के नियमों तक सीमित नहीं है। उनका मानना है कि पाकिस्तान अब ऐसे खिलाड़ी तैयार नहीं कर पा रहा है, जो अपने प्रदर्शन और अंदाज से युवा पीढ़ी को प्रभावित कर सकें।
उन्होंने अपने बेटे की प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए कहा, 'मेरा बेटा कहता है 'डैड, मुझे हमारी टीम में कोई आक्रामकता नजर नहीं आती है.'
अख्तर के इस बयान से पाकिस्तान क्रिकेट में खिलाड़ियों के मौजूदा अंदाज और नई पीढ़ी पर उनके प्रभाव को लेकर उनकी चिंता सामने आई।
बॉल टैंपरिंग को लेकर भी खुलकर बोले अख्तर
पॉडकास्ट के दौरान शोएब अख्तर ने अपने क्रिकेट करियर के समय होने वाली बॉल टैंपरिंग पर भी बात की। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी गेंद की सतह में बदलाव करने और रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए बोतल के ढक्कनों का इस्तेमाल करते थे।
इस बारे में उन्होंने कहा, 'हम इंग्लैंड में सैंडपेपर नहीं, बल्कि बोतल के ढक्कनों का इस्तेमाल करते थे.'
ऑस्ट्रेलिया की 2018 की घटना पर क्या कहा?
साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया से जुड़ी चर्चित बॉल टैंपरिंग की घटना पर भी अख्तर ने अपनी राय रखी। उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी आमतौर पर पूरी टीम को होती है। ऐसी बातों को केवल एक या दो खिलाड़ियों तक सीमित नहीं माना जा सकता।
टेस्ट क्रिकेट के लिए एक लाख डॉलर देने को तैयार
शोएब अख्तर टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियां चाहते हैं। उनका कहना है कि अगर ऐसी परिस्थितियों में टेस्ट मैच आयोजित किया जाता है तो वह इसके लिए एक लाख डॉलर तक देने को तैयार हैं।
अख्तर चाहते हैं कि क्रिकेट में तेज गेंदबाजी वाला पुराना रोमांच फिर लौटे और टेस्ट मैचों में गेंदबाजों को भी प्रभाव दिखाने का पर्याप्त मौका मिले।
राजनीति और PCB से दूर रहने का किया वादा
शोएब अख्तर ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी मां से राजनीति और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से दूर रहने का वादा किया है। वह इस वादे को पूरी तरह निभाना चाहते हैं।
क्रिकेट के भविष्य, तेज गेंदबाजों की भूमिका और पाकिस्तान की टीम में आक्रामकता की कमी को लेकर अख्तर के बयान ने खेल के मौजूदा स्वरूप पर उनकी चिंता को सामने रखा है।