पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शनिवार को मुलाक़ात की। लेकिन दोनों नेताओं की यह मुलाक़ात एक नए पते पर हुई।
दोनों नेता नीतीश कुमार के पटना के नए आवास 7, सर्कुलर रोड में मिले। राज्यसभा का सदस्य बनने और राज्य के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग का आवास भी छोड़ दिया है। वह अब अपने नये पते 7, सर्कुलर रोड पर शिफ्ट हो गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री का सामान उनके पुराने आवास से हाल ही में नये आवास में शिफ्ट किया गया । नीतीश के इस आवास की सुरक्षा व्यवस्था भी मुकम्मल की गई है। बताया जाता है कि इस आवास पर उनके जेड कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों ने अपनी इस मुलाक़ात की तस्वीरें शनिवार को सोशल मीडिया पर शेयर कीं।