Nepal Helicopter Crash: नेपाल के सोलुखुंबु में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान फिस्टेल और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होती दिखाई दे रही है।
फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय हुआ हादसा
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे, तभी उनके पंखे आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टरों के पंखों के टकराने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने भी बताया कि खुम्बु पासांगल्हामु के फेरीचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे टकराए थे।
हादसे में भारतीय नागरिक की मौत, एक घायल
जिला प्रशासन सोलुखूंबु के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं।
इस हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी सामान्य चोट आई है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर से भेजा गया है। सोलुखुंबु के पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग के अनुसार, मृतक विदेशी नागरिक हैं और उनके शव को प्रभु हेलीकॉप्टर से लुक्ला लाया गया है।
फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश, 9 लोगों की मौत
वहीं, अमेरिका के फ्लोरिडा में भी विमान हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार को दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।
यह जेट दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में गिरा और आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया। हादसे वाली जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पाम बीच स्थित रिसॉर्ट 'मार-ए-लागो' से करीब नौ मील (14 किमी) दूर थी।