पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने बठिंडा में एक कार्यक्रम के दौरान संस्कृत को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के ज्यादातर पंडितों की संस्कृत पर मजबूत पकड़ नहीं है, जिसके कारण कई मंदिरों में दूसरे राज्यों से पुजारी बुलाने पड़ते हैं। चन्नी ने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसी यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी, जहां श्री रामायण और श्रीमद्भागवत गीता के अध्ययन केंद्र होंगे।
कांग्रेस सरकार बनने पर संस्कृत यूनिवर्सिटी का वादा
चरणजीत सिंह चन्नी सोमवार को बठिंडा के रामपुराफूल में पूर्व कैबिनेट मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के स्थानीय दफ्तर के उद्घाटन के मौके पर आयोजित श्री रामायण पाठ के भोग में शामिल हुए थे।
इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी अगुआई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने संस्कृत यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया था। हालांकि, सत्ता परिवर्तन के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
चन्नी ने कहा कि चुनाव के बाद अगर पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती है तो यूनिवर्सिटी बनाने का काम शुरू किया जाएगा। उनके मुताबिक, इससे मंदिरों में दूसरे राज्यों से पुजारी बुलाने की जरूरत कम होगी।
AAP सरकार पर नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर हमला
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में नशा, गैंगस्टरवाद और गुंडागर्दी का बोलबाला है।
चन्नी ने कहा कि बदलाव के नाम पर सत्ता में आई सरकार के दौरान लोगों को हर रोज होने वाली घटनाओं के कारण डर का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्याएं हो रही हैं, गैंगस्टर फिरौती मांग रहे हैं और पैसे नहीं देने पर घरों या दुकानों पर गोलियां चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में इस तरह की घटनाएं रोजमर्रा का काम बन गई हैं।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं चन्नी
चरणजीत सिंह चन्नी इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। उन पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था। इस मामले में उन्होंने माफी मांगी थी।