'मोदी कहें सांस लेना जरूरी है तो विपक्ष नाक बंद कर लेगा'- संबित पात्रा

'मोदी कहें सांस लेना जरूरी है तो विपक्ष नाक बंद कर लेगा'- संबित पात्रा
हाइलाइट्स
• संबित पात्रा ने CJP प्रदर्शन को बताया ‘फ्लॉप शो’
• राहुल गांधी पर राष्ट्रपति को विवाद में घसीटने का आरोप
• वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष से मांगे सबूत
• पीएम मोदी का जिक्र कर विपक्ष पर कसा तंज

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदर्शन को ‘फ्लॉप शो’ बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए राजधानी में आगजनी और सड़कों पर लड़ाई कराने की कोशिश की गई। पात्रा ने कहा कि उपद्रवियों ने दिल्ली को बंधक बनाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ तंत्र पर लोकतंत्र की जीत हुई और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

प्रदर्शन से पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोक दिया था।

राष्ट्रपति को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा कि अलग-अलग समूहों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं और 12 तारीख को भी एक प्रदर्शन बुलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हालात बिगाड़ने की कोशिश हो रही है और अराजक तत्वों के बीच भी श्रेय लेने की होड़ है।

पात्रा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच खींचतान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन से बाहर आने के बाद राहुल गांधी का बयान एक नालायक नेता के बयान के बराबर है। पात्रा ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति महोदया को सड़क की लड़ाई में घसीटने की कोशिश की गई।

प्रदर्शन स्थल की सुविधाओं और वोट चोरी के आरोप पर सवाल

संबित पात्रा ने प्रदर्शन स्थल पर डॉक्टर और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने वाले वकीलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि उस समय वोट चोरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाया गया। पात्रा ने कहा कि यदि वोट चोरी हुई थी, तो यह बात अदालत में क्यों नहीं रखी गई।

भाजपा सांसद ने हालिया उपचुनाव के नतीजों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चार सीटों के परिणाम आने के बाद भाजपा सभी सीटों पर जीती है।

रेजिनगर के वोटों को लेकर क्या बोले संबित पात्रा?

पश्चिम बंगाल के रेजिनगर में वोटों की संख्या को लेकर उठे सवालों पर संबित पात्रा ने प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि वहां कुल 772 वोट थे, जबकि भाजपा को 909 वोट मिले। अरविंद केजरीवाल ने भी इस मामले में गड़बड़ी और ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जताई थी।

पात्रा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि रेजिनगर में कुल 1,109 मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने विपक्ष पर गलत जानकारी के जरिए भ्रम फैलाने और अराजकता पैदा करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

एक साल से वोट चोरी का आरोप लगा रहा विपक्ष: पात्रा

संबित पात्रा ने कहा कि विपक्षी नेता पिछले एक साल से वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनके समर्थन में सबूत सामने नहीं रखे गए हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं से अपने दावों के प्रमाण देने को कहा।

पात्रा ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाले लोग ही अब लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।

पीएम मोदी का जिक्र कर विपक्ष पर तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए संबित पात्रा ने विपक्ष पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि अगर मोदी यह भी कह दें कि सांस लेना जरूरी है, तो विपक्ष कहीं अपनी नाक ही बंद न कर ले।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि विपक्ष देश को अशांत करने की कोशिश कर रहा है, जबकि सरकार नक्सलियों को खत्म कर रही है।