दिल्ली। लकाता नाइट राइडर्स के स्टार बल्लेबाज़ रिंकू सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह सिर्फ उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि एक दिलचस्प वीडियो कॉल भी है। लखनऊ के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत के बाद रिंकू अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे, जहां उनके साथ सुनील नरेन भी मौजूद थे।
बातचीत के दौरान जब रिंकू की बहन ने नरेन को देखा तो उन्होंने सहज अंदाज़ में उन्हें “नमस्ते भैया” कह दिया। इस पर रिंकू ने तुरंत हंसते हुए सुधार किया और कहा कि “भैया” की जगह “ब्रदर” बोलो, क्योंकि नरेन हिंदी नहीं समझते। इसके बाद जब बहन ने नरेन की गेंदबाज़ी की तारीफ की, तो रिंकू ने उसे अंग्रेज़ी में समझाया। जवाब में नरेन ने मुस्कुराते हुए “थैंक यू वेरी मच” कहा, जिससे माहौल और भी हल्का-फुल्का हो गया।
मैच की बात करें तो केकेआर की शुरुआत काफी खराब रही थी और टीम ने 93 रन के अंदर ही 7 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल हालात में रिंकू सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और 51 गेंदों में 83 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम किसी तरह 155 रन तक पहुंच सकी। बल्लेबाज़ी के अलावा उन्होंने फील्डिंग में भी कमाल दिखाया और कुल 4 कैच पकड़े। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।
मुकाबला टाई होने के बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा, जहां सुनील नरेन ने जबरदस्त गेंदबाज़ी करते हुए सिर्फ 1 रन खर्च किया। इस दौरान उन्होंने निकोलस पूरन और एडेन मार्करम जैसे बड़े बल्लेबाज़ों को आउट किया। यह आईपीएल इतिहास के सबसे कम स्कोर वाले सुपर ओवर में से एक बन गया, जिसे केकेआर ने पहली ही गेंद पर अपने नाम कर लिया।