भारत में क्यों ब्लॉक किया गया इल्तिजा मुफ्ती का एक्स अकाउंट?

Date: 2026-05-11
news-banner

पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अधिकारियों के कानूनी अनुरोध के बाद की गई। इस फैसले के पीछे हाल ही में दर्ज हुई उस एफआईआर को वजह माना जा रहा है, जिसमें सोशल मीडिया पर दिवंगत हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी का वीडियो क्लिप साझा किए जाने का मामला शामिल है।

भारत में जब यूजर्स इल्तिजा मुफ्ती के एक्स अकाउंट को खोलने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें एक नोटिस दिखाई दे रहा है। नोटिस में लिखा है कि कानूनी मांग के अनुपालन में इस अकाउंट की पहुंच भारत में सीमित कर दी गई है। आमतौर पर एक्स प्लेटफॉर्म ऐसे नोटिस तब जारी करता है, जब किसी अकाउंट पर सरकारी आदेश या कानूनी प्रावधानों के तहत रोक लगाई जाती है।

इससे पहले श्रीनगर साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 11 दर्ज की थी। पुलिस का आरोप है कि कुछ ऑनलाइन पोस्ट और वीडियो अलगाववादी सोच को बढ़ावा देने के साथ-साथ सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।

वहीं इल्तिजा मुफ्ती ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वीडियो शेयर करने की जिम्मेदारी केवल उनकी है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि सिर्फ वीडियो को रीपोस्ट करने या उस पर प्रतिक्रिया देने वाले लोगों को परेशान न किया जाए।

Leave Your Comments