श्री राम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर पहली बार खुलकर सामने आये राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ क़रार देते हुए कहा है कि जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे उन्हें कठोर दंड हो यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को एक बयान जारी करते हुए कहा, ‘अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुँचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।’
उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जाँच दल का गठन कर क़ानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की है और जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे उन्हें कठोर दंड हो यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।
संघ ने वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी की अपनी इच्छा जताते हुए कहा कि उसकी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जाँच दल करेंगे।
संघ सरकार्यवाह ने कहा, ‘हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन हेतु निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाये रखेगा।’
इसके साथ ही संघ ने हिन्दू समाज से भी आह्वान किया कि वह धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करे।