Gen Z के बीच लोकप्रिय माने जाने वाले राघव चड्ढा के लिए आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना सोशल मीडिया पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर उनके फॉलोअर्स की संख्या में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। सिर्फ 24 घंटे के भीतर करीब 10 लाख लोगों ने उन्हें अनफॉलो कर दिया। पहले जहां उनके 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे, अब यह संख्या घटकर लगभग 13.3 मिलियन रह गई है। इससे साफ है कि उनके इस राजनीतिक फैसले से युवाओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।
इंस्टाग्राम पर उनकी पोस्ट्स के कमेंट सेक्शन में भी यह असंतोष साफ नजर आ रहा है। कई यूजर्स उनकी आलोचना कर रहे हैं और उन्हें लेकर निराशा जाहिर कर रहे हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि उन्होंने राघव में भविष्य का नेता देखा था, लेकिन उनके इस कदम से वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इसके साथ ही #UnfollowRaghav जैसे कैंपेन भी तेजी से फैल रहे हैं, जहां यूजर्स एक-दूसरे से उन्हें अनफॉलो करने की अपील कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच उनकी पुरानी सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा अपने पुराने पोस्ट्स को हटाने में लगे हैं, जिनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की आलोचना की थी। यह आरोप लगाया जा रहा है कि वह अपनी छवि को नए राजनीतिक माहौल के अनुसार बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कुछ लोग “इमेज रीशेपिंग” के रूप में देख रहे हैं।
राघव चड्ढा की लोकप्रियता खासकर युवाओं और मिडिल क्लास के बीच इसलिए थी क्योंकि वे केवल आक्रामक राजनीति ही नहीं, बल्कि मुद्दों पर आधारित बात करते थे। उन्होंने संसद में कई ऐसे मुद्दे उठाए जो आम लोगों से जुड़े थे, जैसे एयरपोर्ट पर महंगे खाने के दाम, मिडिल क्लास पर बढ़ता टैक्स बोझ, टेलीकॉम रिचार्ज की कीमतें और डिलीवरी पार्टनर्स से जुड़े नियम। इन कारणों से उनकी छवि एक ऐसे नेता की बनी जो आम लोगों की समस्याओं को सामने लाता है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राघव चड्ढा ने बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया। उन्होंने संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों के तहत बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। इस फैसले के बाद न केवल राजनीति में हलचल बढ़ी है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।