मायावती का बड़ा फैसला, अब ईशान आनंद को देंगी जिम्मेदारी!

मायावती का बड़ा फैसला, अब ईशान आनंद को देंगी  जिम्मेदारी!
  • ईशान आनंद को बीएसपी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देने का फैसला
  • आकाश आनंद और उनकी बहन को संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं मिलेगी
  • 23 सितंबर को बीएसपी की अखिल भारतीय बैठक बुलाई गई

बहुजन समाज पार्टी BSP प्रमुख मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार के परिवार से ईशान आनंद को पार्टी में आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी की कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, जबकि ईशान आनंद को सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे किया जाएगा।

मायावती ने यह जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये दी है।

मायावती ने X पर किए पोस्ट में कहा कि अपने राजनीतिक अनुभव और बीएसपी संस्थापक कांशीराम के सिद्धांतों से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने परिवार और रिश्तेदारी के मोह से ऊपर उठकर पार्टी हित में फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपने नजदीकी रिश्तेदारों को राजनीतिक लाभ देने से दूरी बनाए रखी और अपना जीवन बहुजन समाज के हित के लिए समर्पित किया।

भाई के कहने पर आकाश को आगे किया

अपने पोस्ट में मायावती ने कहा कि उनके भाई आनंद कुमार के आग्रह पर उन्होंने उनके बड़े बेटे आकाश आनंद को राजनीति में आगे किया था। हालांकि, शादी के बाद आकाश के रवैये और गतिविधियों को लेकर उन्होंने उन्हें पार्टी से अलग करने का फैसला किया। मायावती ने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में आकाश की वापसी उनके लिए स्वीकार्य नहीं होगी।

भाई की बेटी भी रहेगी दूर

मायावती ने आनंद कुमार की बेटी को भी पार्टी की जिम्मेदारी से दूर रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अब परिवार से केवल ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि ईशान भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए गए तो उन्हें भी पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में आनंद कुमार के परिवार के किसी अन्य सदस्य को जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी और किसी समर्पित कार्यकर्ता को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे समेत देश और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए 23 सितंबर को बीएसपी की अखिल भारतीय बैठक बुलाई गई है। मायावती ने अपने फैसले को कांशीराम की कार्यशैली और डॉ. भीमराव आंबेडकर के एक पुराने पत्र से प्रेरित बताया है।