जेनसन हुआंग को निजी विवाद की भारी कीमत? एक दिन में 6.47 अरब डॉलर घट गई दौलत, शेयरों में भी गिरावट

जेनसन हुआंग को निजी विवाद की भारी कीमत? एक दिन में 6.47 अरब डॉलर घट गई दौलत, शेयरों में भी गिरावट
हाइलाइट्स
• जेनसन हुआंग की दौलत एक दिन में 6.47 अरब डॉलर घटी
• एनवीडिया के शेयर एक महीने में 22% से ज्यादा टूटे
• चीनी महिला कारोबारी से कथित अफेयर के मामले की FBI कर रही जांच

एनवीडिया के CEO और को-फाउंडर जेनसन हुआंग की संपत्ति में सोमवार, 9 नवंबर को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी के शेयर 5% से ज्यादा टूटे, जिसका असर हुआंग की नेटवर्थ पर भी पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, एक ही दिन में उनकी दौलत 6.47 अरब डॉलर यानी करीब 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक घट गई। इसके बाद उनकी कुल संपत्ति 148 अरब डॉलर रह गई और वह दुनिया के अरबपतियों की सूची में 12वें स्थान पर आ गए।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब एक चीनी महिला कारोबारी के साथ जेनसन हुआंग के कथित अफेयर की खबरें चर्चा में हैं। इस मामले ने अमेरिकी टेक्नोलॉजी सेक्टर और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा की है। निवेशकों की चिंता का एक बड़ा विषय यह है कि कहीं चीन को एनवीडिया के अत्याधुनिक AI चिप्स या उनसे जुड़ी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच तो नहीं मिली।

एनवीडिया के शेयर एक महीने में 22% से ज्यादा टूटे

कंपनी के शेयरों में गिरावट का सिलसिला केवल सोमवार तक सीमित नहीं रहा। 9 नवंबर को एनवीडिया का शेयर गिरकर 172.37 डॉलर पर पहुंच गया। पिछले एक महीने में इसमें 22% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में कंपनी के एक शेयर की कीमत करीब 56.91 डॉलर कम हुई है। 9 अक्टूबर को एनवीडिया का शेयर 229.28 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। शेयरों में आई इस गिरावट का सीधा असर कंपनी के को-फाउंडर जेनसन हुआंग की संपत्ति पर भी दिखाई दिया।

FBI कर रही मामले की जांच, ट्रंप ने दी राहत की बात

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बताया कि FBI एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग से जुड़े मामले की जांच कर रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हुआंग को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

ट्रंप ने भरोसा जताया कि जेनसन हुआंग को इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनसे कथित तौर पर जुड़ी महिला चीनी जासूस थी। इस मामले ने अमेरिका के तकनीकी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

एनवीडिया दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल है। उसके बनाए चिप्स का इस्तेमाल दुनिया की प्रमुख AI कंपनियां अपने सिस्टम विकसित करने के लिए करती हैं। ऐसे में इस विवाद का प्रभाव केवल कंपनी तक सीमित रहने के बजाय अमेरिका और चीन के तकनीकी तथा व्यापारिक संबंधों से भी जुड़ सकता है।

एनवीडिया बोर्ड ने बनाई स्वतंत्र जांच समिति

विवाद की जांच के लिए एनवीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र वकीलों की एक समिति गठित की है। कंपनी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सुरक्षा से जुड़ी किसी चूक या डेटा लीक होने का संकेत नहीं मिला है। हालांकि, मामले की पूरी जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जेनसन हुआंग जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और CEO के पद पर बने रहेंगे।

हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार कर मांगी माफी

इस पूरे मामले के बीच जेनसन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को एक पत्र भेजकर अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। उन्होंने पत्नी के साथ बेवफाई करने की बात कबूल की। साथ ही अपने परिवार और एनवीडिया के कर्मचारियों से भी माफी मांगी।

पत्र में हुआंग ने लिखा कि एनवीडिया की जिम्मेदारी संभालना उनके जीवन की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है। परिवार और कर्मचारियों ने उन पर जो भरोसा जताया, उस पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी थी, लेकिन उनसे चूक हुई।