UGC NET: तीन पेपर कैंसिल, परीक्षा दोबारा होगी

UGC NET: तीन पेपर कैंसिल, परीक्षा दोबारा होगी

National Testing Agency NTA ने यूजीसी नेट के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है।

NEET  पेपर लीक के बाद से आलोचनाओं का सामना कर रहे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रविवार 16 अगस्त 2026 को देर शाम ऐलान किया कि वह अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की UGC NET परीक्षा रद्द कर दी है और इसे वह दोबारा कराएगा।

NTA ने इन तीनों विषयों की परीक्षा नौ और 10 सितंबर को कराने का एलान किया है। इन विषयों के उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा शहर, केंद्र और एडमिट कार्ड आदि की जानकारी एनटीए की अधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।

NTA ने अपने बयान में कहा है कि उसने एक कमेटी बनाई थी और कमेटी ने जांच के बाद तीन विषयों की परीक्षा में गलतियां होने की बात कही है। कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही उसने फैसला लिया है।

क्यों रद्द की परीक्षा

NTA ने परीक्षा रद करने का कारण प्रश्न पत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद की गलतियां, मशहूर विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के गलत शीर्षक, सवालों की भाषा, व्याकरण, लिंग और वचन जैसी गलतियां को बताया है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के फैसले ने एक बार फिर उसकी क्षमता और उसके कामकाज पर फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। NTA  ने इस फैसले की जानकारी तब दी, जब यूजीसी नेट की 87 विषयों की परीक्षा में 84 विषयों की उत्तर कुंजी जारी कर दी गई थी। छात्रों को 18 अगस्त को रात 11.59 बजे तक आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया गया है। एनटीए का दावा है कि इन तीनों विषयों के प्रश्न पत्रों में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच के बाद यह मामला सामने आया। एनटीए ने अपने बयान में कहा कि इतनी बड़ी गलतियों को केवल चैलेंज प्रोसेस के बाद ठीक नहीं किया जा सकता।

दोबारा परीक्षा का शेड्यूल

अंग्रेजीः 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक

कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट- 2, दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक

समाज शास्त्रः 10 सितंबर 2026, शिफ्ट- 1, सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक