नोएडा के करीब एक दर्जन स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नोएडा के करीब एक दर्जन स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
हाइलाइट्स
• नोएडा में APJ, DPS समेत करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
• पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने स्कूलों में तलाशी शुरू की
• धमकी किसने और किस माध्यम से भेजी, पुलिस इसकी जांच में जुटी

नोएडा में सोमवार सुबह कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सेक्टर-16 स्थित APJ स्कूल, स्टेप बाय स्टेप और DPS समेत करीब एक दर्जन स्कूलों को धमकी दिए जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्कूलों में जांच शुरू कराई। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना मिली थी। एक साथ कई स्कूलों का नाम सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिसरों की सुरक्षा जांच शुरू कर दी।

APJ, स्टेप बाय स्टेप और DPS समेत कई स्कूलों में तलाशी

धमकी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा टीमों ने संबंधित स्कूलों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश शुरू की। बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया गया।

अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात की गईं, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए जांच कर रही हैं।

धमकी किसने और किस माध्यम से भेजी? जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किसने दी और इसके पीछे क्या मंशा थी। इसके साथ ही धमकी भेजने के माध्यम की भी जांच की जा रही है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सभी स्कूलों को एक ही संदेश के जरिए निशाना बनाया गया था या नहीं। फिलहाल पुलिस संबंधित स्कूल प्रबंधन के संपर्क में रहकर सुरक्षा संबंधी कदम उठा रही है।