National Films Awards Venue Shifting: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को दिल्ली से गुजरात के नर्मदा जिले स्थित एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित किए जाने के फैसले को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना के तहत देश की विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समारोह के आयोजन स्थल में बदलाव किया है।
इस वर्ष आर्टिकल 370 को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया है। यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया, जबकि ब्रमयुगम के लिए ममूटी और चंदू चैंपियन के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है।
राज ठाकरे ने आयोजन स्थल को लेकर क्या कहा?
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच X पर समारोह को गुजरात में आयोजित करने के निर्णय पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे मुंबई की फिल्मी विरासत और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महत्व को कम करने की कोशिश की जा रही है। ठाकरे ने कहा कि यदि आयोजन स्थल बदलना ही था तो भारतीय सिनेमा की जन्मस्थली माने जाने वाले मुंबई, महाराष्ट्र अथवा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्रों पर विचार किया जाना चाहिए था।
गुजरात में आयोजन के समर्थन में क्या तर्क?
वहीं, आयोजन स्थल परिवर्तन के समर्थन में यह तर्क भी दिया जा रहा है कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह पहले भी दिल्ली के बाहर चेन्नई और मुंबई में आयोजित हो चुका है। गुजरात में उभरते फिल्म उद्योग और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों को भी फैसले के पक्ष में एक कारण बताया जा रहा है।
इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के अन्य राजनीतिक नेताओं की ओर से भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।