मिर्जापुर में दिनदहाड़े वकील-ग्राम प्रधान की हत्या

Authored By: News Corridors Desk | 11 Apr 2026, 12:33 PM
news-banner

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। कटरा कोतवाली क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंटू रिंकू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय राजीव सिंह देवरी गांव के ग्राम प्रधान भी थे और स्थानीय स्तर पर उनका अच्छा प्रभाव था। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


घात लगाकर की गई प्लान्ड हत्या

यह वारदात अनगढ़ रोड स्थित कतवारूपुर इलाके में हुई, जहां राजीव सिंह रोज की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने पास आकर देशी तमंचे से उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही राजीव सिंह मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर तुरंत फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई, जिससे साफ है कि यह हत्या पहले से योजना बनाकर की गई थी।

 CCTV में कैद, लोगों में डर

घटना का पूरा वीडियो पास के CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखता है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास दो तमंचे थे। गोली मारने के बाद उन्होंने हथियार आपस में बदल लिया और एक आरोपी बाइक चलाने लगा, जबकि दूसरा पीछे बैठकर लोगों को डराता रहा। जब आसपास के लोग मदद के लिए आगे बढ़े, तो बदमाशों ने उन्हें भी धमका दिया, जिससे कोई भी घायल वकील के पास नहीं जा सका।

 पुरानी रंजिश और पुलिस पर सवाल

परिजनों के अनुसार, राजीव सिंह ने पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह गांव की चुनावी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। हालांकि, इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।