IPL 2026 में सोमवार को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच एक बेहद अहम मुकाबला होने जा रहा है। जहां मुंबई की टीम लगातार हार से जूझ रही है, वहीं गुजरात ने हाल के मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की लय पकड़ ली है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए काफी निर्णायक साबित हो सकता है।
गुजरात टाइटंस ने शुरुआती झटकों के बाद जबरदस्त वापसी की है और लगातार तीन जीत दर्ज कर अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस की हालत चिंताजनक बनी हुई है। टीम ने पहला मुकाबला जीतने के बाद लगातार चार मैच गंवा दिए, जिसके चलते वह अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है।
मुंबई की परेशानी उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में साफ दिखाई दे रही है। मिडिल ऑर्डर उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। तिलक वर्मा का प्रदर्शन फीका रहा है, जबकि सूर्यकुमार यादव भी निरंतर रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह किफायती जरूर रहे हैं, लेकिन विकेट लेने में सफलता नहीं मिल रही। हार्दिक पांड्या, शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर भी अब तक खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
वहीं गुजरात टाइटंस की ताकत उसकी मजबूत टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी रही है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर लगातार टीम को अच्छी शुरुआत दे रहे हैं। हालांकि मिडिल ऑर्डर से अभी और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। गेंदबाजी में उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला है, लेकिन पिछले मैच में दमदार प्रदर्शन के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है।
संभावित प्लेइंग 11:
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, राशिद खान, आशीष शर्मा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।
मुंबई इंडियंस: रयान रिकेलटन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, तिलक वर्मा, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।