सपा के जन-मन मेनिफेस्टो पर बरसीं मायावती, बोलीं- चुनावी छलावे से सावधान रहें

सपा के जन-मन मेनिफेस्टो पर बरसीं मायावती, बोलीं- चुनावी छलावे से सावधान रहें
  • मायावती ने सपा के जन-मन मेनिफेस्टो को बताया हवाहवाई
  • बोलीं- सपा का प्रण-पत्र ‘धन-मन वादी’ अधिक है
  • राज्यसभा चुनाव में धन्नासेठ को प्राथमिकता देने का आरोप
  • आरक्षण और कानून व्यवस्था को लेकर भी सपा पर साधा निशाना
  • जनता से चुनावी वादों के प्रति सावधान रहने को कहा

Mayawati on SP Manifesto: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ पर अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के प्रण-पत्र को ‘हवाहवाई’ और ‘धन-मन वादी’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के बजाय संकीर्ण तथा जातिवादी राजनीति करती रही है। मायावती ने जनता से सपा के चुनावी वादों और दावों के प्रति सावधान रहने की अपील की है।

मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपा का यह प्रण-पत्र उसके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई है और ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है।

सपा पर धन्नासेठों को प्राथमिकता देने का आरोप

बसपा प्रमुख ने सपा की राजनीतिक नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी का रवैया गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के खिलाफ रहा है। उनके मुताबिक, सपा की राजनीति में संकीर्णता और जातिवाद के साथ धन्नासेठों को समर्थन देने की प्रवृत्ति भी दिखाई देती है।

मायावती ने हालिया राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि सपा ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और गतिविधियों से उत्तर प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी। उन्होंने अपने बयान में इसका जवाब भी दिया और कहा कि ऐसा कभी नहीं हो सकता।

‘जन-मन नहीं, धन-मन वादी है सपा का घोषणापत्र’

मायावती ने सपा के घोषणा-पत्र को ‘जन-मन’ के बजाय ‘धन-मन वादी’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबली लोगों को चुनाव मैदान में उतारने को प्राथमिकता देगी। ऐसे लोगों की चिंता देश, समाज और जनहित के बजाय अपने निजी लाभ और स्वार्थ तक सीमित रहती है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा की बातें, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी छल तथा छलावे से ज्यादा कुछ नहीं हैं। उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि जनता को ऐसे वादों से सावधान रहना चाहिए।

‘हर हाथ को काम’ और कानून का राज बसपा का सिद्धांत

अपने बयान में मायावती ने बसपा की नीतियों और सिद्धांतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बसपा की मूल नीति और सिद्धांत हैं।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की अब तक रही चारों सरकारों में सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अमल किया गया। मायावती ने कहा कि विरोधी दलों, विशेषकर सपा, कांग्रेस और भाजपा के लिए इस तरह की नीतियों पर अमल करना संभव नहीं है।

आरक्षण और कानून व्यवस्था को लेकर भी सपा पर हमला

मायावती ने समाजवादी पार्टी पर अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण के प्रति विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के दामन पर इन वर्गों के आरक्षण विरोधी रवैये के धब्बे हैं।

बसपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश में सपा शासन के दौरान जातिवादी द्वेष और दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने प्रदेश को जातीय तनाव और दंगों से प्रभावित बनाने का काम किया। उनके मुताबिक, जनता जनहित और जनकल्याण के अहम मुद्दों पर सपा के पुराने रवैये को नहीं भूली है।

2027 के चुनाव से पहले तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रण-पत्र-जन-मन का मेनिफेस्टो’ जारी किया था। इसमें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों, महिलाओं और सामाजिक न्याय से जुड़े कई वादे किए गए हैं।

घोषणा-पत्र में पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगार स्नातकों को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये भत्ता देने, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता और जाति जनगणना कराने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।

सपा ने इस घोषणा-पत्र के जरिए पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों यानी पीडीए वर्ग के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही है। अब मायावती ने इसी पीडीए की अवधारणा और सपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाए हैं।