हाइलाइट्स
- यूएन में भारत ने कश्मीर पर पाकिस्तान को धोया
- दिन में सुरक्षा, रात को आतंकवाद की बात करता है पाकिस्तान
- शहबाज शरीफ के कश्मीर उल्लेख पर भारत ने जवाब दिया
- पेटल गहलोत ने पीओके का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में उठाया
India Pakistan Kashmir Issue: भारत ने पाकिस्तान को कश्मीर मुद्दे पर फिर करारा जवाब दिया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण के दौरान पाकिस्तान के पीएम शहबाज ने कश्मीर और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया था। भारत ने इसका करारा जवाब देते हुए साफ़ किया कि कश्मीर हमारा अभिन्न अंग है।
शहबाज शरीफ के भाषण का ‘जवाब देने के अपने अधिकार' का इस्तेमाल करते हुए भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का मुद्दा उठाया। भारत ने पाकिस्तान में ओसामा बिन लादेन की मौजूदगी का जिक्र करते हुए पाकिस्तान का आतंकी चेहरा बेनकाब कर दिया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने कहा कि 9/11 के हमले का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन पाकिस्तानी सेना की प्रमुख अकादमी के दरवाजे पर रह रहा था। यह वही संस्था थी जिसके सामने आज पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने इतना सिर झुकाया।
कश्मीर पर नहीं, पीओके पर बात करो
पेटल गहलोत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को लेकर इस्लामाबाद को घेरा। उन्होंने कहा, भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का जिक्र किया गया। यह मेरे देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और हमेशा रहेगा। लेकिन हमें कश्मीर के बारे में बात करनी ही है तो आइए पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर पर ध्यान दें। वे ( पाक) दिन में सुरक्षा बनाए रखने का दावा करते हैं, असल में वे रात में आतंकवाद फैलाते हैं।"