भारत में खगोल विज्ञान की शिक्षा को नई तकनीक से जोड़ने वाली एक खास सुविधा शुरू हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मैसूर में 'कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल' का उद्घाटन किया। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (IIA) की ओर से निर्मित यह देश का पहला LED डोम तारामंडल है। इसे खगोल विज्ञान की शिक्षा और प्रशिक्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में स्थित इस तारामंडल के स्काई थियेटर में उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लद्दाख के हानले में तैनात एस्ट्रो-एम्बेसडर्स यानी खगोल-दूतों से वर्चुअल बातचीत भी की।
4.2 करोड़ LED से तैयार हुआ अत्याधुनिक तारामंडल
कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल की सबसे बड़ी खासियत इसकी LED तकनीक है। इसमें 15 मीटर का झुका हुआ डोम बनाया गया है, जिसमें लगभग 6,150 पैनल लगाए गए हैं। इन पैनलों में कुल 4.2 करोड़ LED मौजूद हैं।
पारंपरिक तारामंडलों में सामान्य डोम पर तस्वीरें दिखाने के लिए प्रोजेक्टर का इस्तेमाल होता है। लेकिन कॉसमॉस-मैसूर में LED पैनलों को रियल टाइम में नियंत्रित किया जा सकता है। इससे दर्शकों को बेहतर विजुअल अनुभव मिलेगा और खगोल विज्ञान को समझने के नए अवसर खुलेंगे।
स्काई थियेटर में दिखाई जाएंगी खास फिल्में और कार्यक्रम
इस तारामंडल के स्काई थियेटर में पेशेवर तरीके से तैयार किए गए खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रम प्रदर्शित किए जाएंगे। यहां एक विशेष फिल्म भी दिखाई जाएगी, जिसमें मैसूरु के इतिहास और खगोल विज्ञान के बीच संबंध को दर्शाया जाएगा।
दर्शक इन शो का आनंद कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी भाषा में ले सकेंगे। इस तरह यह सुविधा खगोल विज्ञान की जानकारी को अलग-अलग भाषाओं में लोगों तक पहुंचाएगी।
कॉसमॉस तारामंडल को लेकर PM मोदी ने क्या कहा?
उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉसमॉस तारामंडल को भारत की संस्कृति, आध्यात्मिकता और विज्ञान की परंपरा से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा, 'कुछ महीने पहले ही, मैं 'विवेक स्मारक' के उद्घाटन के अवसर पर आप लोगों के बीच था, और आज हम यहां 'कॉसमॉस तारामंडल' को राष्ट्र को समर्पित करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। ये दोनों ही अवसर भारत की संस्कृति और मूल्यों के बारे में एक गहरा संदेश देते हैं। 'विवेक स्मारक' हमें अपने भीतर झांकने और आध्यात्मिक ज्ञान खोजने की प्रेरणा देता है, जबकि 'कॉसमॉस तारामंडल' हमारा ध्यान आकाश की ओर ले जाता है, और हमें इस विशाल ब्रह्मांड को जानने और इसके रहस्यों को सुलझाने के लिए प्रेरित करता है। यह इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि भारत में आध्यात्मिकता और विज्ञान की परंपराएं हमेशा एक साथ आगे बढ़ी हैं।'
डीके शिवकुमार ने PM मोदी के सामने उठाया मेकेदातु परियोजना का मुद्दा
कार्यक्रम के दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी से मेकेदातु परियोजना के लिए केंद्र सरकार की मदद मांगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल को छात्रों, शोधकर्ताओं और कर्नाटक की जनता को समर्पित करने आए हैं।
शिवकुमार ने कावेरी नदी पर बने बांध का जिक्र करते हुए मेकेदातु परियोजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री यहां 'कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल' को छात्रों, शोधकर्ताओं और कर्नाटक की जनता को समर्पित करने आए हैं। आप यहां हमारी मदद करने आए हैं। आपने अभी कावेरी नदी पर बना बांध देखा। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट फैसला दिया है कि कर्नाटक में मेकेदातु परियोजना का निर्माण होना चाहिए, और इसे कोई नहीं रोक सकता। हम चाहते हैं कि आप कानूनी रूप से हमारी मदद करें। हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार वन संबंधी मंजूरियों को अंतिम मंजूरी दे दे। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण बैलेंसिंग रिजर्वोयर (संतुलन जलाशय) है। इसलिए, मुझे उम्मीद है कि आपका प्रशासन हमारी मदद करेगा। आइए, हम सब मिलकर काम करें।'
कर्नाटक में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में भी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कनेक्टिविटी और एनर्जी सिक्योरिटी से जुड़ी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, मेट्रो और रेल से जुड़ी परियोजनाओं के साथ ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे काम राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देंगे।
उन्होंने कहा, 'आज का दिन कर्नाटक की विकास यात्रा को एक नई गति देने वाला है। आज यहां कनेक्टिविटी और एनर्जी सिक्योरिटी से जुड़ी 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। मेट्रो और रेल से जुड़ी परियोजनाओं से लेकर एनर्जी सिक्योरिटी के काम तक, ये सभी परियोजनाएं कर्नाटक के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत देने वाली हैं। किसी भी देश की विकास यात्रा में इंफ्रास्ट्रक्चर की बहुत बड़ी भूमिका होती है। बेहतर कनेक्टिविटी तरक्की, रोजगार और उद्योग की नई संभावनाएं बढ़ाती है और जब विकास के ये अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है। इसी का परिणाम है कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं।'
एनर्जी सिक्योरिटी और रिन्यूएबल एनर्जी पर PM मोदी का जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में ऊर्जा सुरक्षा और नई तकनीकों के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन एनर्जी सिक्योरिटी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत सोलर पावर सहित ऊर्जा के दूसरे उभरते विकल्पों में नई तकनीक के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, 'एनर्जी सिक्योरिटी का एक जरूरी पहलू बिजली बनाना है। आज, भारत सोलर पावर से लेकर दूसरे उभरते एनर्जी सॉल्यूशन तक, नई टेक्नोलॉजी में लीडरशिप हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत की रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी अब 300 मेगावाट को पार कर गई है। केंद्र सरकार की योजनाओं की वजह से, नागरिक अब सिर्फ बिजली के उपभोक्ता ही नहीं बल्कि उत्पादक भी बन रहे हैं। हमारा प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े। उसकी क्रय क्षमता मजबूत हो और वो अपने परिवार के सपने पूरे करने के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बने। कर्नाटक में हो रहा यह आयोजन भी इसी विकास यात्रा को नई गति देने वाला है। आप सभी को नए प्रोजेक्ट्स की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'