न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। 334 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया महज 89 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 244 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने चिंता जताई है। उनके मुताबिक, सबसे बड़ी परेशानी कम रन बनाना नहीं, बल्कि टीम का सिर्फ 26-27 ओवर में ही सिमट जाना है। गंभीर ने इसे अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप से पहले सुधारने वाली बड़ी कमजोरी बताया।
89 रन पर ऑलआउट होने से क्यों चिंतित हैं गौतम गंभीर?
चौथे वनडे में मिली हार के बाद गौतम गंभीर ने भारतीय बल्लेबाजी की कमियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब कोई टीम 90 रन के आसपास आउट हो जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है। गंभीर के अनुसार, न्यूजीलैंड की परिस्थितियां आगामी वनडे विश्व कप में मिलने वाली परिस्थितियों के काफी करीब होंगी।
गंभीर ने कहा, "जब आपकी टीम 90 रन के आसपास के स्कोर पर सिमट जाती है तो चिंता होना स्वाभाविक है। मैं चिंतित क्यों नहीं होऊंगा? यहां की परिस्थितियां विश्व कप में मिलने वाली परिस्थितियों के काफी करीब होंगी। बड़ी चिंता रन बनाने की नहीं, बल्कि यह है कि हम महज 26-27 ओवर में ही ऑलआउट हो गए। यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है।"
मैट हेनरी की गेंदबाजी के सामने ढेर हुई भारतीय टीम
मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम मैट हेनरी की शानदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। हेनरी ने छह विकेट झटके और भारत की पूरी पारी 26.4 ओवर में 89 रन पर समाप्त हो गई।
भारतीय टीम के लिए मुश्किलें पिछले मुकाबले में भी कम नहीं थीं। बारिश से प्रभावित मैच में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 111 रन तक अपने सात विकेट गंवा दिए थे।
लगातार दो मुकाबलों में बल्लेबाजी की परेशानी सामने आने के बाद गंभीर ने स्विंग होती गेंदों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी और मानसिक तैयारी को जरूरी बताया।
शुरुआती 10 ओवर को गंभीर ने बताया सबसे मुश्किल
गौतम गंभीर के मुताबिक, न्यूजीलैंड में पारी के शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होते हैं। उन्होंने भारतीय परिस्थितियों से इसकी तुलना करते हुए कहा कि भारत में आमतौर पर शुरुआती ओवर बल्लेबाजी के लिए आसान माने जाते हैं, लेकिन न्यूजीलैंड में ऐसा नहीं है।
गंभीर ने कहा, "अगर आप शुरुआती 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 35 या 40 रन बना लेते हैं तो यह भी अच्छा प्रदर्शन है। यहां शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजी के लिहाज से शायद सबसे मुश्किल समय होते हैं।"
उनके इस बयान से साफ है कि टीम को शुरुआत में विकेट बचाने और मुश्किल परिस्थितियों में संभलकर बल्लेबाजी करने पर ध्यान देना होगा।
मैट हेनरी और काइल जैमीसन की गेंदों को समझना होगा
गंभीर ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों मैट हेनरी और काइल जैमीसन के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों के रवैये पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को गेंद की लेंथ को लेकर अधिक स्पष्ट और निर्णायक होना होगा।
खास तौर पर उन गेंदों पर बल्लेबाज असमंजस में दिखाई देते हैं, जहां उन्हें यह तय करने में परेशानी होती है कि आगे बढ़कर शॉट खेलना है या बैकफुट पर रहना है।
विश्व कप से पहले भारतीय टीम के लिए यह कमजोरी दूर करना अहम होगा। गंभीर का मानना है कि केवल रन बनाने पर ध्यान देने के बजाय बल्लेबाजों को मुश्किल परिस्थितियों में ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकने और स्विंग होती गेंदों का सामना करने की तैयारी करनी होगी।