21 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेगा नैनो उर्वरक प्रचार रथ

Authored By: News Corridors Desk | 11 Apr 2026, 07:15 PM
news-banner

वाराणसी। इफको द्वारा देशव्यापी नैनो उर्वरक जागरूकता महा अभियान की शुरुआत नई दिल्ली में इफको के अध्यक्ष श्री दिलीप संघाणी द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने 5 नैनो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान देश के 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 560 जिलों और 3,477 तहसीलों में संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में 21 अप्रैल 2026 को यह जागरूकता रथ जनपद वाराणसी पहुंचेगा।

यह राष्ट्रीय अभियान माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में संचालित किया जा रहा है।

इफको वाराणसी के प्रमुख डॉ. विवेक दीक्षित ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस अभियान के तहत सभी ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर नैनो उर्वरकों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही किसानों को इसके उपयोग एवं लाभ के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरक पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों का प्रभावी विकल्प है, जिसे प्रधानमंत्री द्वारा लोकसभा में “भविष्य का स्मार्ट उर्वरक” बताया गया है।

इस अभियान का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोड़ते हुए कम लागत में अधिक उत्पादन तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।