Pawan Kalyan Divorce: पवन कल्याण की तीसरी शादी भी टूटी, पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलग होने का ऐलान

Pawan Kalyan Divorce: पवन कल्याण की तीसरी शादी भी टूटी, पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलग होने का ऐलान
हाइलाइट्स
• पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला की 13 साल की शादी खत्म
• दोनों ने आपसी समझ और सम्मान से अलग होने का फैसला लिया
• पवन कल्याण की तीसरी शादी भी तलाक के साथ टूटी

साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता, जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण कोनिडेला की निजी जिंदगी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने 13 साल की शादी के बाद अलग होने का फैसला किया है। सोमवार देर रात दोनों की ओर से जारी संयुक्त बयान में इस फैसले की जानकारी दी गई।

बयान में दोनों ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया है। साथ ही उन्होंने भविष्य में अच्छे दोस्त बने रहने और अपने बच्चों की जिम्मेदारी मिलकर निभाने की बात भी कही है।

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने संयुक्त बयान में क्या कहा?

पवन कल्याण के इंस्टाग्राम पेज पर साझा किए गए जॉइंट स्टेटमेंट में दोनों ने अपने अलग होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी शादी अब खत्म हो गई है, लेकिन उनके बीच दोस्ती बनी रहेगी।

बयान में कहा गया, "भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए डेडिकेटेड माता-पिता रहेंगे. उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी शेयर्ड प्रायोरिटी रहेगी."

दोनों ने इस निजी फैसले के दौरान लोगों से समझदारी और उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की। उन्होंने अपने सफर में साथ देने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा, "जीवन के इस निजी बदलाव के दौर में, हम आपकी समझ, दयालुता और हमारी प्राइवेसी के प्रति सम्मान की उम्मीद करते हैं. हम उन सभी लोगों का दिल से आभार जताते हैं जो इस पूरे सफर में हमारे साथ खड़े रहे."

अलग होने की वजह और तलाक की प्रक्रिया पर नहीं दी जानकारी

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने संयुक्त बयान में अलग होने के पीछे की वजह नहीं बताई है। बयान में कानूनी तलाक की प्रक्रिया को लेकर भी कोई जानकारी साझा नहीं की गई।

इसके अलावा बच्चों की कस्टडी को लेकर भी दोनों की ओर से कोई जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि, उन्होंने अपने बच्चों की खुशी और भलाई को साझा प्राथमिकता बताया है।

पवन कल्याण की पहली और दूसरी शादी भी नहीं चली

अन्ना कोनिडेला से अलग होने के फैसले के साथ पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो गई है। इससे पहले भी उनकी दो शादियां तलाक के साथ समाप्त हो चुकी हैं।

पवन कल्याण ने साल 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी। हालांकि, 1999 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद साल 2009 में उन्होंने अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की। इस शादी से उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। साल 2012 में पवन कल्याण और रेणु देसाई का तलाक हो गया।

2013 में अन्ना कोनिडेला से की थी शादी

रेणु देसाई से अलग होने के बाद पवन कल्याण ने साल 2013 में अन्ना कोनिडेला से शादी की थी। अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनके नाम पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच हैं।

अब 13 साल बाद पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने भी अपनी शादी खत्म करने और अलग रहने का फैसला किया है। दोनों ने अपने बयान में बच्चों की परवरिश और उनकी भलाई को प्राथमिकता देने की बात कही है।