IRCTC Ticket Booking: छठ के दौरान ट्रेन टिकट बुकिंग में क्यों आई परेशानी? IRCTC ने बताई वजह

IRCTC Ticket Booking: छठ के दौरान ट्रेन टिकट बुकिंग में क्यों आई परेशानी? IRCTC ने बताई वजह
हाइलाइट्स
• 10 नवंबर को IRCTC पर लॉग-इन करने में यूजर्स को हुई परेशानी
• IRCTC ने बताया- एक साथ ज्यादा लॉग-इन से धीमी हुई पोर्टल की परफॉर्मेंस
• रेलवे के 89% रिजर्व्ड टिकट IRCTC वेबसाइट से होते हैं बुक

छठ पूजा के दौरान घर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे यात्रियों को 10 नवंबर की सुबह IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने लॉग-इन नहीं होने और Error मैसेज आने की शिकायत की। इस मामले में IRCTC ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उसका ऑनलाइन रिजर्वेशन पोर्टल बंद नहीं था, बल्कि एक ही समय में बड़ी संख्या में लोगों के लॉग-इन करने की कोशिश से इसकी परफॉर्मेंस प्रभावित हुई थी।

IRCTC ने लॉग-इन की समस्या पर क्या सफाई दी?

IRCTC ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बताया कि 10 नवंबर 2026 की सुबह उसकी रेलवे टिकट बुकिंग वेबसाइट के एक्सेस को लेकर शिकायतें मिली थीं। कंपनी के मुताबिक, इस दौरान ऑनलाइन रिजर्वेशन पोर्टल चालू था और सामान्य रूप से काम कर रहा था।

हालांकि, एक ही समय पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने लॉग-इन करने की कोशिश की। इसके चलते पोर्टल की उपलब्धता और परफॉर्मेंस में देरी देखने को मिली।

IRCTC ने अपने बयान में कहा, 'IRCTC की रेलवे टिकट बुकिंग वेबसाइट आज सुबह यानी 10 नवंबर 2026 को यूजर्स के लिए एक्सेसेबल नहीं होने की खबरें सामने आईं हैं। इस संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि ऑनलाइन रिजर्वेशन पोर्टल इस दौरान चालू और पूरी तरह से काम कर रहा था। हालांकि, एक ही समय में बड़ी संख्यां में यूजर्स के लॉग-इन करने की कोशिश के कारण पोर्टल की उपलब्धता और परफॉर्मेंस में देरी देखने को मिली।'

सुबह 8 बजे और तत्काल बुकिंग के समय आई परेशानी

10 नवंबर यानी मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कई यूजर्स ने IRCTC वेबसाइट पर लॉग-इन नहीं होने की शिकायत की। कुछ यात्रियों ने तत्काल टिकट बुकिंग की विंडो खुलने के समय भी ऐसी ही समस्या आने की बात सोशल मीडिया पर साझा की।

दरअसल, ऑनलाइन रिजर्वेशन के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के तहत सुबह 8 बजे नए टिकटों की बुकिंग शुरू होती है। वहीं, AC क्लास के तत्काल टिकटों की बुकिंग सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के तत्काल टिकटों की बुकिंग सुबह 11 बजे शुरू होती है।

इन समयों पर बड़ी संख्या में यात्री एक साथ टिकट बुक करने और लॉग-इन करने की कोशिश करते हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ी हुई मांग के बीच पोर्टल पर दबाव बढ़ने से यूजर्स को परेशानी हुई।

IRCTC से बुक होते हैं 89% रिजर्व्ड टिकट

भारतीय रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के कुल रिजर्व्ड टिकटों में से 89% IRCTC की वेबसाइट के माध्यम से बुक किए जाते हैं।

जून 2025 से 2026 के बीच पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के जरिए कुल 65.08 करोड़ रिजर्व टिकट बुक हुए। इनमें से 57.90 करोड़ टिकट ऑनलाइन वेबसाइट या ऐप के माध्यम से बुक किए गए।

ये आंकड़े बताते हैं कि रिजर्व टिकटों की बुकिंग में IRCTC के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की बड़ी भूमिका है।

नई वेबसाइट के बाद सिस्टम को मजबूत करने पर काम

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस साल IRCTC के सिस्टम को दुरुस्त करने की बात कही थी। इसी दिशा में अगस्त 2026 में IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च की गई।

रेलवे नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग सिस्टम की क्षमता बढ़ाने के लिए सर्वर, डेटा स्टोरेज और नेटवर्किंग को अपग्रेड करने पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम को मजबूत करना है।