मशहूर रैपर और गायक यो यो हनी सिंह आज अपना 42वां जन्मदीन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्होंने अपने प्रशंसकों, परिवार और दोस्तों का आभार व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए हनी सिंह ने लिखा, "आज मेरा जन्मदिन है, मैं दोस्तों, प्रशंसकों और अपने परिवार से बहुत प्यार करता हूं।" उनके इस पोस्ट पर लाखों फैंस ने बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की।
कैसे पड़ा हनी सिंह नाम?
हनी सिंह का असली नाम हिरदेश सिंह है। बचपन में उनकी मां उन्हें प्यार से "हनी" कहकर बुलाती थीं और यही नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन गया। इंडस्ट्री में कदम रखने के बाद उन्होंने अपने नाम के आगे "यो यो" जोड़ लिया, जिससे वे यो यो हनी सिंह के नाम से मशहूर हो गए।
दिल्ली की गलियों से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर
हनी सिंह का जन्म दिल्ली में हुआ और उनका बचपन करमपुरा रिफ्यूजी कॉलोनी में बीता। वहां से निकलकर उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके गाने ‘अंग्रेजी बीट’, ‘ब्राउन रंग’, ‘लुंगी डांस’ और ‘देसी कलाकार’ ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया।
वर्कफ्रंट और हालिया प्रोजेक्ट्स
हाल ही में हनी सिंह का भोजपुरी गाना 'दीदिया के देवरा चढ़वले बाटे नजरी' रिलीज हुआ है, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री ईशा गुप्ता नजर आ रही हैं। हालांकि, इस गाने के बोल को लेकर कुछ विवाद भी खड़े हुए हैं।
इसके अलावा, हनी सिंह ने अभिनेता सोनू सूद की फिल्म 'फतेह' के लिए गाना 'हिटमैन' गाया था। इस गाने के बोल लियो ग्रेवाल ने लिखे थे और इसकी कोरियोग्राफी बॉस्को मार्टिस ने की थी। हनी सिंह ने बताया कि वह सोनू सूद को 16 साल से जानते हैं और उनके फिल्म निर्माता बनने के जुनून को देखकर उन्होंने यह गाना बनाया।
फैंस का जबरदस्त क्रेज
हनी सिंह के गाने हमेशा से ही ट्रेंड में रहते हैं और उनके फैंस का क्रेज कभी कम नहीं होता। उनके जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। फैंस ने उनके पुराने हिट गानों की यादें ताजा कीं और उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए उत्साहित दिखे।
हनी सिंह ने अपने जन्मदिन पर सभी का धन्यवाद किया और भविष्य में अपने प्रशंसकों को और बेहतरीन म्यूजिक देने का वादा किया।