गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर हमला: “नकली गांधी परिवार के अंतिम युवराज”

Authored By: News Corridors Desk | 10 Mar 2026, 01:17 PM
news-banner

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा नेता प्रतिपक्ष पहले कभी नहीं देखा। गिरिराज सिंह के अनुसार राहुल गांधी के पास कोई स्पष्ट विजन नहीं है और वे केवल अर्बन नक्सल की तरह व्यवहार करते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि राहुल गांधी एक अबोध बालक हैं, लेकिन उनके बयानों और सोच को देखकर अब साफ हो गया है कि वे हर मुद्दे पर पीछे हट जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कई अहम मामलों में भी अपने रुख से पीछे हट चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी केवल एक चीज में आगे रहते हैं और वह है अर्बन नक्सल की तरह पोज देना।

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी की तुलना बहादुर शाह ज़फ़र से कर दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुगलिया सल्तनत के अंतिम बादशाह बहादुर शाह ज़फ़र थे, उसी तरह राहुल गांधी नकली गांधी परिवार के अंतिम और अबोध युवराज हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में चलती रहती है तो भारतीय जनता पार्टी को इससे कोई परेशानी नहीं है।

उधर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भी भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अब बेनकाब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी गंभीर परिस्थितियां हैं, तब भी राहुल गांधी देश के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, जिसे पूरा देश देख रहा है।