- घायल पायलट की पहचान भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर के रूप में बताई गई
- इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घटना को गंभीर सुरक्षा मामला बताया
- विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया
|
Flydubai Flight Pilot Stabbing: दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 में कथित तौर पर गंभीर सुरक्षा घटना सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया। हमले में घायल पायलट की पहचान भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर के रूप में बताई गई है, जो दुबई में रहते हैं।
तीस हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ रहे प्लेन में अचानक हुई इस घटना के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने विमान को संभालने और यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान से अचानक आपात संकेत जारी हुए। विमान ने पहले 7700 और फिर 7500 कोड प्रसारित किया। 7500 संकेत आमतौर पर विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप या अपहरण जैसी स्थिति से जुड़ा होता है। इससे विमान के हाईजैक होने की आशंका पैदा हो गई।
नेतन्याहू ने बताया क्या हुआ
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने यूट्यूब संदेश में घटना का जिक्र करते हुए कहा कि विमान में ज्यादातर यात्री इजरायली नागरिक थे। उनके मुताबिक, इजरायल के करीब पहुंचने के दौरान एक पायलट ने दूसरे पायलट पर हमला किया और कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की।
नेतन्याहू ने बताया कि विमान अचानक घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा। उनके अनुसार, एक यात्री और क्रू के सदस्य ने कॉकपिट में प्रवेश किया और हमलावर पायलट को काबू करने में मदद की। इसके बाद चालक दल के अन्य सदस्यों ने कॉकपिट संभाला और विमान को स्थिर किया।
तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
नेतन्याहू के मुताबिक, विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। उन्होंने यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।
उन्होंने यह भी कहा कि हमले के आरोपी पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें वापस घर पहुंचाने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखने की बात भी कही गई है।
घटना की जांच जारी
नेतन्याहू ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को संभावित अतिरिक्त खतरों को लेकर तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और पायलट की कथित मंशा को लेकर आधिकारिक जांच के निष्कर्ष अभी सामने आना बाकी हैं।