- कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का ऐलान किया
- अक्टूबर से नवंबर तक देशभर में होंगे कई कार्यक्रम
- 13.13 करोड़ हटाए गए नामों को लेकर कांग्रेस का दावा
- छह राज्यों से दिल्ली के लिए निकलेगी ‘दिल्ली चलो’ यात्रा
- एक नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली प्रस्तावित
|
Congress Vote Bachao Desh Bachao Campaign: कांग्रेस ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और महासचिव (संचार) जयराम रमेश के हवाले से काँग्रेस ने सोमवार को अभियान का विस्तृत कार्यक्रम साझा किया। कांग्रेस ने इसे ‘Vote Bachao, Desh Bachao’ अभियान का नाम दिया है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
तीन चरणों में चलेगा अभियान
केसी वेणुगोपाल के मुताबिक अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहले चरण में 2 से 8 अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ आयोजित होंगे। दूसरे चरण में 10 से 20 अक्टूबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बाइक रैली, साइकिल रैली, पदयात्रा और पर्चा वितरण किया जाएगा।
तीसरे चरण में 25 अक्टूबर से 2 नवंबर तक गांवों में चौपाल आयोजित करने की योजना है। कांग्रेस का दावा है कि इन चौपालों के जरिए मतदाता सूची से हटाए गए करीब 13.13 करोड़ नामों की पहचान की जाएगी।
सांसदों का मार्च और जिला स्तर पर प्रदर्शन
जयराम रमेश के अनुसार 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे विपक्षी दलों के सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च निकालेंगे। इसके बाद 8 अक्टूबर को INDIA गठबंधन की पार्टियां जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगी। 10 से 20 अक्टूबर के बीच कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्रा करेगी।
कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली का भी कार्यक्रम बताया है। वहीं 25-26 नवंबर को छह अलग-अलग राज्यों से ‘दिल्ली चलो’ यात्राएं निकालकर राजधानी में प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
कांग्रेस बैठक में रणनीति पर चर्चा
इससे पहले दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस महासचिवों, राज्य प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे। बैठक में पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग भी उठा रही है। पार्टी के आरोपों को चुनाव आयोग और बीजेपी पहले खारिज कर चुके हैं।