कांग्रेस ने यूपी-पंजाब में बदला नेतृत्व

कांग्रेस ने यूपी-पंजाब में बदला नेतृत्व

  • आराधना मिश्रा मोना को यूपी कांग्रेस की कमान
  • परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष
  • इमरान मसूद को यूपी में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया
  • चौधरी वीरेंद्र सिंह होंगे कांग्रेस विधायक दल के नेता

Congress Change 2026 UP Punjab : उत्तर प्रदेश और पंजाब होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले काँग्रेस ने दोनों राज्यों में पार्टी नेतृत्व में बदलाव किया है। पंजाब में अमरिन्दर सिंह राजा वडिंग और उत्तर प्रदेश में अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उनकी जगह क्रमश: परगट सिंह और आधाराधना मिश्रा उर्फ मोना मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी है।

अजय राय के योगदान की सराहना

विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश संगठन में यह कांग्रेस का बड़ा बदलाव माना जा रहा है जिसके तहत प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पद से मुक्त कर दिया है। कांग्रेस की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी जानकारी के अनुसार, अजय राय के योगदान की सराहना भी की गई है।

आराधना मिश्रा की पृष्छभूमि

आराधना मिश्रा वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं। पार्टी की प्रदेश इकाई में उनकी नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

इमरान मसूद कार्यकारी अध्यक्ष

कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में अन्य बदलाव भी किए हैं। वरिष्ठ नेता इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

चौधरी वीरेंद्र सिंह विधायक दल के नेता 

वहीं, चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नया नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

पंजाब में परगट सिंह

पंजाब कांग्रेस में भी नेतृत्व परिवर्तन हो गया है।  प्रदेश काँग्रेस के नए अध्यक्ष सरदार परगट सिंह को बनाया गया है। इससे पहले राजा वडिंग ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और उन्हें अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया। वडिंग चार साल से अधिक समय तक पंजाब कांग्रेस की कमान संभाल चुके हैं। पंजाब ने नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय आया है, जब राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

सचिन पायलट का रोल

पंजाब के नए प्रभारी सचिन पायलट को लेकर राजा वडिंग ने कहा कि जब उन्हें प्रभारी बनाया गया था, तब वह उन्हें औपचारिक रूप से बधाई देने गए थे। उस दौरान दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद उनकी मुलाकात नहीं हुई।

वडिंग ने कहा कि राजनीति में अपने लंबे सफर को देखते हुए उन्हें लगता है कि सचिन पायलट ने तय किया होगा कि ‘राजा’ को पद से हटाने का समय आ गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास इसका कोई पक्का सबूत नहीं है।

वडिंग ने कहा कि जो बात उन्हें कहनी थी, वह उन्होंने राहुल गांधी से कह दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बाद अब कोई ऐसा नहीं बचा है जिसे वह समझा सकें कि क्या होना चाहिए और क्या नहीं।