सीएम योगी ने प्रशासन को निर्देश देने की बात कही कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जाए और उन्हें ऐसी सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखें।
माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने माफिया और अपराधियों को लेकर भी कड़ा रुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने माफियागिरी करने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि सपा का मतलब गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू है। उनके मुताबिक, माफिया सपा के सहयोगी रहे हैं और पार्टी ने हमेशा जनता के साथ विश्वासघात किया है।
सीएम ने कहा कि गुंडों और माफिया को कानून के बल पर ही ठीक किया जा सकता है। उनकी सरकार ने ऐसे तत्वों की गुंडागर्दी पर अंकुश लगाया है और अब उनके खिलाफ एक बार फिर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
गोरखपुर में 491 करोड़ रुपये से बनेगी वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की पहली वानिकी एवं औद्यानिकी यूनिवर्सिटी की आधारशिला भी रखी। बृहस्पतिवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में प्रस्तावित विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया गया।
करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
विश्वविद्यालय में वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। इससे प्रदेश में वानिकी और औद्यानिकी से जुड़ी उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के अवसर विकसित होंगे।
बीएससी से पीएचडी तक की पढ़ाई की होगी व्यवस्था
प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित करने की योजना है। इसके लिए आधुनिक शैक्षणिक और शोध सुविधाएं तैयार की जाएंगी।
परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा। इसके अलावा 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास, 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी विकसित किए जाएंगे।
किसानों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने पर जोर
विश्वविद्यालय में पढ़ाई और शोध के साथ किसानों को प्रशिक्षण देने की भी योजना है। वानिकी एवं औद्यानिकी से जुड़े शोध को किसानों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके जरिए आधुनिक बागवानी तकनीक, कृषि वानिकी और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देने की तैयारी है।