देश की राजधानी में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी CJP के धरने से एक तरफ़ जहां पुलिस क़ानून-व्यवस्था को लेकर परेशान हैं वही पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडलर्स ने उसकी दिक्कतों को और बढ़ा दिया है।
दिल्ली में चल रहे आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर तरह तरह के वीडियोज, फोटोग्राफ्स और मीम्स हजारों लाखों की संख्या में देशभर में सर्कुलेट हो रहे हैं। इनमें मौके पर पहुंचकर जानकारी साझा करने वालों के साथ ही ऐसे भी लोग हैं जो साझा की गई जानकारी को शेयर कर रहे हैं।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े 480 सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की है जो सुनियोजित तरीके से गलत जानकारी फैलाने के अभियान में शामिल थे। इन सभी एकाउंट्स को ब्लांक किया गया है।
मामले की संवेदनशीलता और पाकिस्तानी हैंडलर्स की तरफ़ से प्रसारित की जा रही भ्रामक जानकारियों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने छात्रों और युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे विदेशी अकाउंट्स से सावधान रहें जो हालात को गुमराह करने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं।
सोशल मीडिया की सेंसिटिविटी को लेकर सरकार फूँक-फूंक कर क़दम रख रही है। इसी का नतीजा है कि जंतर मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाओं को बंद भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकार ने 23 जुलाई की शाम चार बजे से आधी रात तक के लिए जंतर मंतर के डेढ़ किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का आदेश दिया था।
